जेके पुलिस पेशेवर रूप से हर स्थिति से निपट रही: उपराज्यपाल
मनीगाम में पीओपी में 1145 रंगरूट बने पुलिस का हिस्सा, 39 कमांडो भी शामिल
नवगठित केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में सोमवार को एक बड़ा इतिहास रचा गया। स्थानीय पुलिस ट्रेनिंग केंद्र में आयोजित पासिंग आउट परेड में पहली बार जवानों ने भारतीय संविधान के तहत शपथ ली। जवानों ने इसे गर्व का पल बताते हुए कहा कि उन्हें काफी खुशी है कि उन्होंने भारतीय संविधान (आइना-ए-हिंद) के तहत शपथ ली है।
सोमवार को मनीगाम पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) में 1145 रंगरूट जम्मू कश्मीर पुलिस में शामिल हुए। इनमें 39 कमांडो भी थे जिन्हें विशेष ट्रेनिंग दी गई ताकि वह किसी भी स्थिति का मुस्तैदी से सामना कर सकें। इस अवसर पर इन जवानों और वहां मौजूद उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी।
इस मौके पर उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस पेशेवर रूप से हर स्थिति से निपट रही है। पुलिस के जवानों ने अपने कर्तव्य को निभाते हुए कई कुर्बानियां दी हैं और हम उन शहीदों को नमन करते हैं।
एलजी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि और जवानों को भर्ती किया जाए। पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों में लगभग 30000 से 40000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे और 4 नई बटालियन का भी गठन होगा। मुरमु ने कहा कि इसके पीछे उद्देश्य है कि यहां अमन रहे और लोगों को रोजगार भी मिले। जो भी जवान और अफसर शहीद होता है उसे एक्सग्रेशिया दिया जाता है।
हमारी यह भी कोशिश रहेगी कि उनके परिवारों की और भी मदद की जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में बात आई है कि कुछ जवानों को 10 प्रतिशत और कुछ को 30 प्रतिशत का इंसेंटिव भी मिलता है उस पर गौर किया जाएगा। मुर्म ने इस अवसर पर मीडिया की भूमिका की भी सराहना की।
किसी भी संकट से निपट सकते हैं जवान: डीजीपी
इस मौके पर जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि जवानों की ट्रेनिंग के दौरान मजहबी सद्भाव की भी एक मिसाल पेश होती है। उन्होंने कहा कि आज पास आउट हुए जवानों पर हमें पूरा भरोसा है और वह किसी भी स्थिति से निपट सकते हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटना हो या फिर आतंकवाद या लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाना इन सब में जम्मू कश्मीर पुलिस सबसे आगे होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया कि जिस तरह उन्होंने जम्मू कश्मीर पुलिस और उसके बलिदान को हमेशा सराहा और याद रखा।
देश की रक्षा करने को सक्षम
जम्मू कश्मीर पुलिस के कमांडो हबीबुल्ला खान ने कहा कि हमें कमांडो बनने के लिए उच्च स्तरीय ट्रेनिंग दी गई है और हम देश की करने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं, हम आइना-ए-हिंद तहत अपना कर्तव्य निभाएंगे।
बेहद खुशी का दिन
ताबीर अहमद नाम के एक अन्य कमांडो ने कहा, आज हमारे लिए बेहद खुशी का दिन है। हमारा यह पहला जम्मू कश्मीर पुलिस का बैच है जिसने भारतीय संविधान के तहत शपथ ली है। इससे पहले जम्मू कश्मीर के संविधान के तहत शपथ ली जाती थी।
गर्व की अनुभूति
मन्नू शर्मा नाम के एक अन्य कमांडो ने कहा कि आज हमें काफी गर्व महसूस हो रहा है कि हमने देश के संविधान के तहत शपथ ली है। जिस प्रकार का प्रशिक्षण हमें मिला है उससे हम किसी भी खतरे से निपटने के लिए सक्षम हैं।