श्री अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से चला श्रद्धालुओं का पहला जत्था कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच वीरवार को बालटाल आधार शिविर पहुंच गया। तीर्थयात्रियों के पहुंचने से जयघोषों से बालटाल की वादी बाबा बर्फानी और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी।
श्रद्धालु शिव के रंग में रंगे दिखे।आधार शिविर पर कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा, गांदरबल के उपायुक्त जतिन किशोर, एसएसपी सुधांशु धामा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। यात्रियों को फूलमालाएं पहनाई गईं और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान जारी एडवाइजरी का पालन करने और विभिन्न स्थानों पर स्थापित हेल्प डेस्क का लाभ उठाने की अपील की ताकि सभी श्रद्धालु सुगम और सुरक्षित यात्रा पूरी कर सकें।
बालटाल आधार शिविर में की गई व्यापक व्यवस्थाओं और मल्टी-लेयर सुरक्षा इंतजामों से श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए। पहले ही दिन बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।सुरक्षा और सुविधाओं से संतुष्ट दिखे श्रद्धालु
पहले जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की सराहना की। झांसी से आए श्रद्धालु मुकेश ने कहा कि लंगर, ठहरने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि कड़ी सुरक्षा के कारण पूरी यात्रा सुरक्षित महसूस हो रही है।श्रद्धालु प्रियंका वर्मा ने कहा कि पहले जत्थे के साथ यात्रा शुरू करना उनके लिए खुशी की बात है। सुरक्षा बलों की मौजूदगी से आत्मविश्वास बढ़ता है और प्रशासन ने यात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम किए हैं।
यहां स्थानीय निवासियों, केपी रोड ट्रेड यूनियन, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
श्रद्धालुओं ने कश्मीर की पारंपरिक मेहमाननवाजी की सराहना करते हुए यात्रा के लिए किए गए व्यापक और सुव्यवस्थित इंतजामों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था से उनकी यात्रा सुखद और सुरक्षित बन रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं के ठहरने, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, पेयजल, यातायात तथा सुरक्षा प्रबंधन के लिए विशेष प्रबंध किए हैं ताकि पवित्र यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
गांदरबल पुलिस ने जिले में प्रवेश करने वाले अमरनाथ यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मंत्री सतीश शर्मा, डीआईजी एनकेआर मकसूद उल जमान, उपायुक्त जतिन किशोर और एसएसपी सुधांशु धामा ने व्यक्तिगत रूप से यात्रियों का स्वागत किया।
मंत्री व अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनकी यात्रा के सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध होने की शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान, अधिकारियों ने यात्रियों से अधिकारियों की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की।