उत्तरी अरब सागर से आने वाली निचली और मध्य स्तर की हवाओं के पूर्वी हवाओं (बंगाल की खाड़ी से) के साथ टकराने से जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में अगले 48 घंटे में भारी से भारी बारिश के आसार हैं। इसका मुख्य रूप से पीरपंजाल रेंज और जम्मू के मैदानी इलाकों पर असर दिखेगा। प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ की चेतावनी दी गई है। कश्मीर संभाग में भी भारी बारिश, बादलों के गरजने के साथ कई संभावित स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 19 से 21 जुलाई तक खराब मौसम के बीच लोगों को संभावित प्रभावित क्षेत्रों में न जाने की हिदायत दी है। हालांकि 21 जुलाई को मौसम में सुधार आएगा। विभाग ने मंडलायुक्त कश्मीर और आपदा प्रबंधन के सचिव को आगामी खराब मौसम से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारी करने को कहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने खराब मौसम में संभावित खतरों में बताया है कि खराब मौसम के कारण जम्मू-श्रीनगर, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग, डोडा-किश्तवाड़, मुगल रोड पर यातायातप्रभावित होगा।