एक कुत्ते को हत्या मामले में आरोपों से बरी किया गया है। डीएनए टेस्ट के कोर्ट ने उसे बेगुनाह माना। दरअसल, उसे दो साल पहले हत्या का दोषी करार दिया गया था, लेकिन डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट सामने आने के बाद वह इन आरोपों से मुक्त हो गया है। मामला अमेरिका का है और इस कुत्ते का नाम जेब है।
मीडिया की खबरों के मुताबिक जेब को पोमेरानियन नस्ल के अन्य कुत्ते की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जेब के मालिक का नाम कैनेथ जॉब है, जो कि अमेरिकी एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। जेब इन्हीं की रखवाली करता है।दरअसल, पिछले साल जेब पर पड़ोस में रहने वाले एक दूसरे पालतू कुत्ते की हत्या का आरोप लगा था।
घटना मिशिगन के डेट्रोएट शहर की है, जहां पिछले साल 24 अगस्त को पड़ोसी कुत्ता मरा हुआ मिला था। इस दौरान जब पोमेरानियन कुत्ते की मालकिन मौके पर पहुंची तो उसने जेब को वहां उसकी लाश के पास मौजूद पाया। पड़ोसी कुत्ता खून से लथपथ पड़ा हुआ था। मालकिन को शक हुआ कि उसे किसी बड़े जानवर ने मारा है उसका शक वहां मौजूद जेब पर ही गया।
मालकिन ने अपने कुत्ते की हत्या का आरोप जेब पर लगाते हुए पुलिस में शिकायत कर दी। हैरान करने वाली बात है कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान हालात ये बन गए थे कि जेब को मौत की सजा सुना दी गई।
इसके बाद मामला दो साल तक उच्च अदालत में चला। अदालत ने सच जानने के लिए जेब का डीएनए टेस्ट कराने के आदेश दिए। ऐसा पहली बार था जब कोर्ट के सामने किसी कुत्ते का केस था और उसे सच जानने के लिए डीएनए टेस्ट कराने के आदेश देने पड़े। हालांकि जल्द ही जेब उस समय बेगुनाह साबित हो गया जब मरे हुए कुत्ते से उसका कोई संबंध नहीं पाया गया।
कोर्ट ने उसे आरोपों से मुक्त करते हुए उसके मालिक को सौंप दिया। जिसे पाकर वह काफी खुश हुआ।