जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें सरकार और विपक्ष ने एकजुटता दिखाई और आतंक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए, जिनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना और अटारी बॉर्डर बंद करना शामिल है। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, जिससे एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानों पर असर पड़ा। उधर, अटारी बॉर्डर से 104 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा गया और 29 भारतीय भी लौटे। इस हमले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को कई देशों के नेताओं जैसे इस्राइल, जापान और जॉर्डन से समर्थन मिला। वहीं, एलआईसी ने आतंकी हमले के मृतकों के परिजनों को बीमा क्लेम में राहत दी है। उधर, विदेश मंत्रालय ने विभिन्न देशों के राजदूतों को हमले की जानकारी दी। वहीं, यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के नतीजे 25 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। इसके अलावा, नीतीश कटारा हत्याकांड में दोषी विकास यादव को अंतरिम जमानत दी गई और जल जीवन मिशन घोटाले में कांग्रेस नेता महेश जोशी की ईडी ने गिरफ्तारी की। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...