फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन, यात्रा स्थगित; आप नेता सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 जगहों पर ED का छापा

Tue, 26 Aug 2025 08:13 PM IST
हिमांशु चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
दिन की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
जम्मू-कश्मीर में प्राकृतिक आपदाओं ने हालात गंभीर कर दिए हैं। कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास भूस्खलन हुआ, जिसमें पांच श्रद्धालुओं की मौत और 14 घायल हुए। एनडीआरएफ और पुलिस राहत-बचाव कार्य में जुटी है, वहीं यात्रा को रोक दिया गया है। डोडा जिले के थाथरी उपमंडल में बादल फटने से 10 से अधिक घर तबाह हो गए और तीन की मौत हो गई। रक्षा मोर्चे की बात करें तो, भारतीय नौसेना को एक बड़ी ताकत मिली जब INS उदयगिरि और INS हिमगिरि को सेवा में शामिल किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशाखापत्तनम में इन्हें नौसेना को सौंपा। वहीं राजनीति में बिहार के मधुबनी में राहुल गांधी ने वोट अधिकार यात्रा के दौरान भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया और अमित शाह के "50 साल सरकार" वाले बयान को अजीब बताया। वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि एमपी की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। इस बयान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा ने इसे बहनों का अपमान बताया। व्यापार जगत में अमेरिकी टैरिफ के चलते तिरुपुर, नोएडा और सूरत की निर्यात इकाइयों ने उत्पादन रोक दिया। 27 अगस्त से अमेरिकी शुल्क 50% तक बढ़ने जा रहा है, जिससे लागत प्रतिस्पर्धा बिगड़ गई है। वहीं, निक्की हत्याकांड में नया वीडियो सामने आया है जिसमें दोनों परिवार अंतिम संस्कार में साथ दिखे, जिससे मामला और उलझ गया। क्रिकेट में मनोज तिवारी ने धोनी पर आरोप लगाया कि उन्होंने केवल पसंदीदा खिलाड़ियों को सपोर्ट किया। दिल्ली में ईडी ने आप नेता सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 ठिकानों पर छापा मारा। फिल्म जगत में आलिया भट्ट अपने नए घर की तस्वीरें वायरल होने पर भड़क उठीं और इसे प्राइवेसी और सिक्योरिटी का उल्लंघन बताया। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
विज्ञापन

2 of 11
वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन - फोटो : ANI
Katra Landslide: वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास भूस्खलन, पांच की मौत, 14 घायल; यात्रा स्थगित

कटड़ा में भारी बारिश के चलते माता श्री वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास मंगलवार को भूस्खलन हुआ है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है और 14 अन्य घायल हो गए हैं। करीब छह लोग घायल हो गए और कुछ के दबे होने की आशंका है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए भूस्खलन होने की जानकारी साझा की है। भूस्खलन के बाद बड़े स्तर पर राहत-बचाव कार्य किया जा रहा है। रियासी पुलिस-प्रशासन और एनडीआरएफ अलर्ट मोड पर हैं। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

3 of 11
डोडा में बादला फटा - फोटो : अमर उजाला
Doda Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटा, 10 से अधिक घर हुए तबाह; अब तक तीन लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटने से एक बार फिर तबाही मच गई है। 10 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं। डोडा जिले में लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिसके कारण कई संपर्क सड़कों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से बंद हो गए हैं। जानकारी के लिए बता दें कि ये बादल डोडा जिले के थाथरी उप-मंडल में फटा है। जहां अचानक से तबाही मच गई है। इससे पहले किश्तवाड़ और थराली में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। किश्तवाड़ जिले और डोडा के कई इलाकों में बादल फटने की सूचनाएं मिल रही हैं। पढ़ें पूरी खबर
 

4 of 11
आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस हिमगिरि। - फोटो : अमर उजाला
INS उदयगिरि-हिमगिरि: नौसेना में शामिल हुए दो नए युद्धपोत, इनमें लगे हैं ब्रह्मोस-टॉरपीडो, जानें ये कितने घातक

भारतीय नौसेना में मंगलवार को दो नए युद्धपोतों को एक साथ सेवा में शामिल कर लिया। नीलगिरि क्लास के स्टेल्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट- आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस हिमगिरि को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक कार्यक्रम के दौरान नौसेना को सौंपा। इन जबरदस्त तेज और आधुनिक फ्रिगेट्स को दो अलग-अलग शिपयार्ड कंपनियों की तरफ से बनाया गया है। इसके बावजूद इनकी खूबियों में ज्यादा अंतर नहीं है। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

5 of 11
राहुल गांधी - फोटो : Facebook
वोट अधिकार यात्रा: 'चोर की तरह वोट चोरी कर BJP खामोश', मधुबनी में बोले राहुल गांधी; शाह के बयान को बताया अजीब

आठवें दिन राहुल गांधी का काफिला लगभग दो घंटे की देरी से मधुबनी पहुंचा। इस दौरान महागठबंधन के हजारों कार्यकर्ता अपने-अपने दल के झंडे लेकर मौजूद रहे। इस दौरान राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर सवाल उठाया जिसमें कहा गया था कि भाजपा की सरकार एक बार नहीं बल्कि 40 से 50 साल तक चलेगी। पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

6 of 11
भारत पर ट्रंप की टैरिफ नीति का असर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स / एडॉब स्टॉक
US Tariffs: बढ़े टैरिफ के कारण तिरुपुर, नोएडा, सूरत की निर्यात इकाइयों ने उत्पादन रोका, फियो ने जताई चिंता

निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने मंगलवार को भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका की ओर से लगाए गए ऊंचे शुल्कों पर गंभीर चिंता जताई है। संगठन ने कहा है कि तिरुपुर, नोएडा और सूरत में कपड़ा और परिधान विनिर्माताओं ने अमेरिका के बढ़े हुए टैरिफ शुल्कों के कारण लागत प्रतिस्पर्धा बिगड़ने के बीच उत्पादन रोक दिया है। 27 अगस्त से भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी शुल्क बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा। पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

7 of 11
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और सीएम मोहन यादव। - फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश: जीतू पटवारी बोले- MP की महिलाएं पीती हैं सबसे ज्यादा शराब, CM यादव ने कहा, यह बहनों का अपमान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान से फिर सियासी पारा चढ़ गया है। पटवारी ने दावा किया कि देशभर में मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। उनके बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और महिला नेत्रियों ने बयान की निंदा करते हुए महिलाओं का अपमान बताया हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की लाडली बहनों को शराबी बताकर उनका घोर अपमान किया है। जनता इस अपमान का हिसाब लेगी। पढ़ें पूरी खबर
 

8 of 11
निक्की के अंतिम संस्कार में शामिल था दोनों परिवार - फोटो : अमर उजाला
निक्की हत्याकांड: सामने आया नया वीडियो, हत्या का आरोप लगाने से कुछ घंटे पहले साथ थे दोनों परिवार; और उलझा केस

निक्की हत्याकांड मामले में लगातार नए-नए वीडियो सामने आ रहे हैं। अब एक ताजा वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें निक्की के अंतिम संस्कार की तस्वीरें हैं। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि निक्की के ससुर ने ही उसकी चिता को मुखाग्नि दी थी। यही नहीं, अंतिम संस्कार में निक्की के मायके और ससुराल पक्ष के लोग एक साथ मौजूद भी थे। पढ़ें पूरी खबर

 

9 of 11
महेंद्र सिंह धोनी - फोटो : ANI
Dhoni-Manoj: गंभीर के बाद अब मनोज तिवारी के निशाने पर आए धोनी, बोले- सिर्फ पसंदीदा खिलाड़ियों का किया समर्थन

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान अपने संघर्ष को याद किया और महेंद्र सिंह धोनी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पूर्व भारतीय कप्तान उन्हें पसंद नहीं करता था। तिवारी ने भारत के लिए आखिरी मैच जुलाई 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। उनका मानना है कि उन्हें तत्कालीन कप्तान धोनी और प्रबंधन का उतना समर्थन नहीं मिला और अपने अच्छे ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण उन्हें भारत के लिए खेलने के अधिक अवसर मिल सकते थे। पढ़ें पूरी खबर

 

10 of 11
आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज - फोटो : ANI
ED Raid: आप नेता सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 ठिकानों पर छापा, जानें केजरीवाल से आतिशी तक किसने क्या कहा

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा है। यह कार्रवाई अस्पताल निर्माण में हुए घोटाले को लेकर की गई है। ईडी अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम ने अस्पताल निर्माण में अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के आवास पर छापेमारी की है। जानकारी के लिए बता दें कि ईडी की दिल्ली और आस पास के 13 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। पढ़ें पूरी खबर
 
विज्ञापन

11 of 11
आलिया भट्ट - फोटो : इंस्टाग्राम @aliaabhatt
Alia Bhatt: घर की तस्वीरें वायरल होने पर भड़कीं आलिया, बोलीं- कोई आपके घर की तस्वीरें लेकर इंटरनेट पर डाले तो?

मंगलवार शाम आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें वह अपनी प्राइवेसी, सिक्योरिटी को लेकर बात करती दिखीं। दरअसल, अपने बन रहे नए घर की तस्वीरें, वीडियो ऑनलाइन देखकर वह काफी नाराज हैं। जानिए, अपनी पोस्ट में आलिया भट्ट ने क्या लिखा है। आलिया भट्ट अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखती हैं, ‘मैं जानती हूं कि मुंबई जैसे शहर में जगह की कमी है, कई बार आपकी खिड़की से दिखने वाला नजारा किसी और के घर होता है। लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि आपको किसी के घर की वीडियो बनाने और उसे ऑनलाइन डालने का हक मिल जाता है। हमारा घर, जो अभी बन रहा है, उसकी कई वीडियो रिकॉर्ड की गई हैं और बिना हमारी जानकारी, परमिशन के कई पब्लिकेशन ने उसे शेयर किया है। यह एक साफ तौर पर प्राइवेसी का उल्लंघन है और एक सीरियस सिक्योरिटी से जुड़ा मामला भी है। किसी के पर्सनल स्पेस की फोटो या वीडियो बिना इजाजत लेना कंटेंट नहीं होता है। यह गलत बात है, इसे नॉर्मल नहीं बनाना चाहिए।’ पढ़ें पूरी खबर 

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें