फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: ईरान पर अमेरिका का बड़ा हमला; आज से फीफा विश्वकप का आगाज; दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम का अलर्ट

Thu, 11 Jun 2026 05:59 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आज गुरुवार, 11 जून 2026 की तारीख में देश-दुनिया की बड़ी खबरों के साथ आपका अपना अमर उजाला फिर हाजिर है। आज की पहली बड़ी खबर अंतरराष्ट्रीय मोर्चे से है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका द्वारा किए गए बड़े हमले के बाद तेहरान समेत कई शहरों में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। उधर, देश में मौसम ने भी करवट ले ली है। मानसून के सक्रिय होने के साथ पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आज से फुटबॉल का सबसे बड़ा महाकुंभ फीफा विश्वकप का आगाज होने जा रहा है। इसमें 48 टीमों, 104 मुकाबलों और रिकॉर्ड प्राइज मनी के साथ इतिहास रचने की तैयारी में है। वहीं, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जनता का विद्रोह और तेज हो गया है। दमन और गोलीबारी के बावजूद करीब 1.5 लाख प्रदर्शनकारी रावलकोट की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे पाकिस्तान की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन

2 of 11
पश्चिम एशिया में संघर्ष - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

 तेहरान समेत कई शहरों में सुने गए तेज धमाके
अमेरिकी सेना ने बुधवार रात दावा किया कि उन्होंने ईरान के कई शहरों को निशाना बनाया है। ईरान के अलग-अलग शहरों से तेज धमाकों की आवाजें भी सुनी गई हैं। इससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई ईरान की आक्रामकता के जवाब में की जा रही है। इससे पहले ईरान ने अमेरिका के एक सैन्य हेलिकॉप्टर को निशाना बनाकर तबाह कर दिया था, जिसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका सेना को जवाबी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। हालांकि पेंटागन ने स्पष्ट किया कि ये कार्रवाई केवल जवाबी कदम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी तरह की डील या समझौते की शर्तें तय करना भी है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि हमले स्पष्ट और सख्त होंगे और अगर जरूरी हुआ तो आगे भी जारी रह सकते हैं। जंग से जुड़े हर अपडेट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें... 

विज्ञापन

3 of 11
इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी। - फोटो : Amar Ujala Graphics
दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-ओलों की चेतावनी
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में जहां लू और भीषण गर्मी का असर बना हुआ है, वहीं अनेक राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में देश के अधिकतर हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार भी बढ़ने लगी है और अगले पांच दिनों के दौरान इसके कई नए राज्यों में आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पढ़ें एक क्लिक पर...

4 of 11
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : अमर उजाला
फुटबॉल का सबसे बड़ा त्योहार आज से होगा शुरू
दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन, फीफा विश्व कप 2026 का इंतजार आखिरकार खत्म होने वाला है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आज से आयोजित होने जा रहा यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। पहली बार 48 टीमें विश्व कप में हिस्सा लेंगी, 104 मुकाबले खेले जाएंगे और 16 शहर इस वैश्विक फुटबॉल उत्सव की मेजबानी करेंगे। यह सिर्फ एक फुटबॉल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति, संगीत और वैश्विक एकता का महोत्सव बनने जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

5 of 11
गोलीबारी के बाद भी नहीं टूटा हौसला। - फोटो : Amar Ujala Graphics
PoK Protest: दमन के बावजूद 1.5 लाख प्रदर्शनकारी रावलकोट की ओर बढ़े
पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में प्रदर्शन के दौरान सैन्य बलों की गोलीबारी में 32 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद भी जनता का हौसला नहीं टूटा है। सुरक्षाबलों की सख्ती को धता बता बुधवार को डेढ़ लाख से ज्यादा प्रदर्शनकारी रावलकोट की ओर बढ़े। आटा, बिजली के भारी बिलों व बुनियादी सुविधाओं के लिए शुरू हुआ आंदोलन अब जन विद्रोह का रूप ले चुका है। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

6 of 11
G-7 में होगी पीएम मोदी-ट्रंप की मुलाकात? - फोटो : Amar Ujala Graphics
PM मोदी और ट्रंप की जी-7 में हो सकती है मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में 15 से 17 जून तक होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर सकते हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, एच-1बी वीजा और ऊर्जा सहयोग प्रमुख मुद्दे रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 13 जून को पांच दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। वह पहले फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और इसके बाद स्लोवाकिया का दौरा करेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

7 of 11
राहुल गांधी के साथ अभिषेक बनर्जी - फोटो : पीटीआई
टूटती तृणमूल की घर वापसी की कवायद
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के पांव के नीचे से जमीन खिसकती जा रही है। विधायक जा रहे हैं। सांसद जा रहे हैं और पुराने साथी मुंह फेर रहे हैं। ममता बनर्जी ने तीन दशक पहले कांग्रेस की चौखट पर ठोकर मारकर अलग राह पकड़ी थी। आज वही चौखट उन्हें फिर बुला रही है। और इस बार वे इन्कार नहीं कर रहीं। आठ जून को विपक्षी गठबंधन की बैठक में ममता और सोनिया गांधी गले मिलीं। यह तस्वीर सबने देखी। लेकिन जो नहीं देखा वह यह था कि उस गले मिलने के पीछे एक राजनीतिक संदेश छिपा था। अगले दिन नौ जून को ममता खुद दस जनपथ पहुंचीं और सोनिया से लंबी बातचीत की। फिर 10 जून को ममता के भतीजे और तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। यह मुलाकात डेढ़ घंटे चली। अभिषेक के हाथ में एक मोटी फाइल थी। राजनीतिक हलकों में दावा है कि उस फाइल में विलय का रोडमैप दर्ज था। इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन्कार भी नहीं हुआ। पढ़ें एक क्लिक पर...

8 of 11
इस बार लिक्विड एक्सप्लोसिव डिटेक्टर की संख्या बढ़ाई गई है। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमरनाथ यात्रा पर लिक्विड बम से हमले का खतरा
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में तेजी से बदले हालात के बीच अमरनाथ यात्रा पर इस बार ड्रोन व लिक्विड बम से हमले का खतरा मंडरा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने इनपुट के आधार पर अलर्ट जारी किया है। इसी के मद्देनजर सुरक्षा घेरा बढ़ाते हुए इस बार लिक्विड एक्सप्लोसिव डिटेक्टर की संख्या बढ़ाई गई है। हवाई खतरे को रोकने के लिए ड्रोन और एंटी ड्रोन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। यात्रा को आतंक की काली छाया से मुक्त कराने के लिए सेना भी मजबूत सुरक्षा कवच तैयार करने में जुटी है। थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी का उत्तरी कमान दौरा भी इसी कड़ी का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है। पढ़ें एक क्लिक पर...

9 of 11
यह खुलासा हाई पावर्ड कमेटी के निर्देश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की जांच में हुआ है। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
जर्जर हो रहा श्रीबांकेबिहारी मंदिर का ढांचा
वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के पास मंगलवार को एक भवन का छज्जा गिरने से नौ श्रद्धालु घायल हो गए थे, लेकिन खतरे और भी हैं। श्रीबांकेबिहारी मंदिर की इमारत ही अब जर्जर और कमजोर हो रही है। इसके छज्जों और दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। छत पर ज्यादा भार डाला गया है। इसे हटाने की सिफारिश की गई है। यह खुलासा हाई पावर्ड कमेटी के निर्देश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की जांच में हुआ है। एएसआई के तकनीकी सर्वेक्षण में भवन की नींव और संरचना कमजोर पाई गई है। पढ़ें पूरी खबर...

10 of 11
एमके स्टालिन, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री - फोटो : ANI
पूर्व मंत्री पी. बेंजामिन समर्थकों संग डीएमके में शामिल
तमिलनाडु की प्रमुख विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके को बड़ा झटका देते हुए पूर्व मंत्री पी. बेंजामिन बुधवार को अपने समर्थकों के साथ डीएमके में शामिल हो गए। डीएमके अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की मौजूदगी में बेंजामिन ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ एआईएडीएमके के कई पदाधिकारी भी डीएमके में शामिल हुए, जिनमें तिरुवल्लूर केंद्रीय जिला महिला विंग सचिव यामिनी इलैय्याराजा, जिला छात्र विंग सचिव दिनेश समेत कई अन्य नेता शामिल हैं। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

11 of 11
अक्षय- रवीना और सुनील शेट्टी - फोटो : इंस्टाग्राम
30 साल बाद फिर साथ दिखेंगे अक्षय-सुनील और रवीना
1994 में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर फिल्म 'मोहरा' के पूरे 30 साल बाद अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और रवीना टंडन की सुपरहिट तिकड़ी एक बार फिर पर्दे पर साथ वापसी कर रही है। ये तीनों कलाकार जल्द ही कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में एक साथ नजर आएंगे। रवीना ने आज 'वेलकम 3' के सेट से कई बीटीएस तस्वीरें शेयर कर फैंस का दिल फिर से जीत लिया है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें