फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Train Accident: 'पुष्पक एक्सप्रेस के पहियों में चिंगारी देख यात्रियों ने खींची चेन', प्रत्यक्षदर्शियों का दावा

Thu, 23 Jan 2025 08:16 AM IST
अभिषेक दीक्षित पीटीआई, मुंबई

सार

उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम एक ट्रेन में आग की अफवाह फैल गई। इसके बाद कुछ यात्री पटरी पर उतर गए। इस दौरान वे विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। अधिकारियों ने इस हादसे में कम से कम 13 यात्रियों की मौत होने की जानकारी दी है।
विज्ञापन
1 of 5
Train Accident - फोटो : Amar Ujala
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रेलवे स्टेशन से आगे ब्रेक लगाने के बाद लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस के पहियों से चिंगारी निकलते देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद घबराए कुछ यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींच दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ यात्री एक ओर से पटरी पर कूद गए, जबकि कुछ अन्य दूसरी ओर से पुलिया की दीवार के पास उतर गए। हादसे में कई लोगों की जान चली गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

अस्पताल में भर्ती एक घायल ने बताया कि जब सभी ने कहा कि आग लग गई है तो हम ट्रेन से उतर गए। हमने ट्रेन रोकी और दौड़ना शुरू कर दिया। दूसरी तरफ से एक और ट्रेन आई। मोड़ होने की वजह से हमें ट्रेन दिखाई नहीं दी। ट्रेन की रफ्तार भी तेज थी, जिस वजह से वह लोगों को रौंदते हुए निकल गई।



अस्पताल में भर्ती घायलों में से एक हकीम अंसारी ने बताया कि लोगों ने चिल्लाया कि आग लग गई है। उसके बाद सभी भागने लगे। चेन खींचने की वजह से पुष्कर एक्सप्रेस रुक गई। कर्नाटक एक्सप्रेस के दूसरी पटरी पर आ जाने की वजह से ये दुर्घटना हुई।
विज्ञापन

2 of 5
जलगांव रेल हादसा - फोटो : पीटीआई
दर्दनाक हादसे को याद कर प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जो यात्री पटरी पर कूदे थे, वे उस पटरी पर तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। मामले में एक यात्री ने मराठी समाचार चैनल को बताया कि घटना उस समय हुई, जब ट्रेन दोपहर के समय जलगांव स्टेशन से गुजरी और पचोरा के पास पहुंची। जब ब्रेक लगाए गए तो कुछ यात्रियों ने ट्रेन के पहियों से चिनगारी निकलते देखी, जिससे उनमें दहशत फैल गई।
विज्ञापन

3 of 5
Train Accident - फोटो : ANI
यात्री ने बताया कि कुछ यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींच दी और पटरी पर उतर गए, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उसने कम से कम दो यात्रियों को कर्नाटक एक्सप्रेस के पहियों के नीचे आते देखा। इस शख्स ने बताया, 'कुछ यात्रियों ने बताया कि आठ से नौ लोगों की मौत हुई है।' उसने बताया कि पुष्पक एक्सप्रेस एक घंटे से अधिक समय बाद आगे की यात्रा पर रवाना हुई।

4 of 5
Train Accident - फोटो : PTI
मामले में अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में आग लगने की घटना के कारण घबराहट में ट्रेन से कूदने वाले कम से कम 13 यात्रियों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि वे पास की पटरियों पर एक अन्य ट्रेन की चपेट में आ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
Train Accident - फोटो : ANI
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने इस बात से इनकार किया कि डिब्बे के अंदर किसी चिंगारी या आग के कारण यात्रियों ने अलार्म बजाया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने त्रासदी में मारे गए यात्रियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सेंट्रल सर्किल के रेलवे सुरक्षा आयुक्त दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे। मुख्यमंत्री के अलावा रेलवे बोर्ड ने अलग से मृतकों के परिजनों को 1.5-1.5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए 5,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें