लक्षण...खांसी-बुखार जैसे ही, बच्चे, बुजुर्ग व कमजोर इम्यूनिटी वालों को सतर्क रहने की जरूरत
एचएमपीवी के लक्षण व्यक्ति की उम्र और प्रतिरक्षा प्रणाली पर निर्भर करते हैं। इसमें बहती नाक, गले में खराश, खांसी और बुखार जैसे लक्षण होते हैं, जो आम सर्दी-जुकाम जैसे दिखते हैं। कुछ लोगों को लंबे वक्त तक खांसी, सांस लेते समय घरघराहट या अत्यधिक थकान हो सकती है। गंभीर मामलों में, खासकर शिशुओं, बुजुर्गों या गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों में यह ब्रोंकाइटिस, ब्रोंकियोलाइटिस (सांस नली में सूजन) या न्यूमोनिया जैसी जटिलताएं पैदा कर सकता है।
कुछ मामलों में गंभीर सांस की परेशानियों के चलते मरीजों के अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत तक हो सकती है...ये गंभीर लक्षण उन लोगों के लिए खास तौर पर चिंताजनक हैं, जो ज्यादा जोखिम में हैं, जैसे बुजुर्ग, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग, या पहले से किसी बीमारी से ग्रसित लोग। अगर तेज बुखार (103 डिग्री से अधिक) है, सांस लेने में दिक्कत, त्वचा, होंठ या नाखून पीले पड़ने जैसे लक्षण दिख रहे हैं, तो तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।