फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस तरह इंसान के शरीर में आया कोरोना वायरस, जानिए किसे है सबसे ज्यादा खतरा?

Sun, 29 Mar 2020 02:05 PM IST
अपूर्वा राय बीबीसी हिंदी
विज्ञापन
1 of 10
Pangolin

दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 30 हजार के पार पहुंच चुकी है लेकिन अभी तक स्पष्ट तौर पर कोई विशेषज्ञ या वैज्ञानिक ये नहीं बता सके हैं कि कोरोना वायरस आया कहां से। इसे लेकर कई तरह की मान्यताएं हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह चीन के 'वेट-मार्केट' से आया। चीन में कई जंगली जानवरों का इस्तेमाल खाने और दवाइयों के लिए किया जाता है। कोरोना वायरस वहीं से इंसानों में आया। उस वक़्त तक चमगादड़ को कोरोना वायरस का मूल स्रोत माना जा रहा था।दलील दी जा रही थी कि चीन के वुहान शहर में 'जानवरों की मंडी' से ये वायरस कुछ इंसानों में पहुंचा और उसके बाद पूरी दुनिया में फैल गया। इसके बाद एक शोध में कहा गया कि इंसानों में यह वायरस पैंगोलिन से आया है। इसे लेकर एक शोध भी हुआ। इस शोध में कहा गया कि पैंगोलिन में ऐसे वायरस मिले हैं जो कोरोना वायरस से मेल खाते हैं।

विज्ञापन

2 of 10
Pangolin

ये शोध भी अभी शुरुआती चरण में है। शोधकर्ताओं ने सलाह दी है कि पैंगोलिन पर अतिरिक्त नजर रखे जाने की जरूरत है ताकि कोरोना वायरस के उभरने में उनकी भूमिका और भविष्य में इसांनों में उनके संक्रमण के ख़तरे के बारे में पता लगाने के बारे में समझ बनाई जा सके। अब जबकि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस फैल चुका है तो कुछ लोग इसे 'चीन का ईजाद किया जैविक आक्रमण' भी बता रहे हैं। अमरीकी राष्ट्रपति ने कई मौक़ों पर कोरोना वायरस को चीनी वायरस या वुहान वायरस कहा है। इस 'कॉन्सपिरेसी-थ्योरी' को हाल के दिनों में और बल मिला है क्योंकि एक ओर जहा दुनिया के ज्यादातर देश लॉकडाउन में हैं वहीं दो महीने से अलग-थलग पड़ा वुहान अब अपने यहां प्रतिबंधों को हटा रहा है। सोशल मीडिया पर तो यहां तक कहा जा रहा है कि मौजूदा समय में चीन का वुहान शहर ही सबसे सुरक्षित जगह है जबकि करीब तीन महीने पहले यहीं से कोरोना वायरस का जन्म हुआ था। लेकिन इस 'कॉन्सपिरेसी-थ्योरी' को भी चुनौती दी गई है।

विज्ञापन

3 of 10
अमेरिका के सैन डियागो में वैक्सीन पर शोध करते वैज्ञानिक - फोटो : अमर उजाला

कैलिफोर्निया में जेनेटिक सिक्वेंसेस को लेकर हुए एक शोध में इस बात की संभावना से इनक़ार किया गया है कि इसे प्रयोगशाला में तैयार किया जा सकता था या फिर जेनेटिक इंजीनियरिंग से। इस शोध के साथ ही चीन को लेकर जो 'कॉन्सपिरेसी-थ्योरी' चल रही था उसे भी चुनौती मिलती है। कोरोना वायरस के बारे में जो एक बात स्पष्ट है वो ये कि यह क्रमिक विकास का नतीजा है। ऐसे में यह तर्क कहीं अधिक मालूम पड़ता है कि कोरोना वायरस इंसानों में जानवरों से आया।वैज्ञानिक जो तर्क दे रहे हैं उनके अनुसार, संक्रमित जानवर इंसान के संपर्क में आया और एक व्यक्ति में उससे वो बीमारी आ गई। इसके बाद वाइल्ड लाइफ मार्केट के कामगारों में यह फैलने लगी और इसी से वैश्विक संक्रमण का जन्म हुआ। वैज्ञानिक इस कहानी को साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि कोरोना वायरस जानवरों से फैला। जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ लंदन के प्रोफेसर एंड्र्यू कनिंगम कहते हैं कि घटनाओं की कड़ी जोड़ी जा रही है। लेकिन सवाल यह है कि हमलोग इसके संक्रमण या फैलने के बारे में कितना जानते हैं? जब वैज्ञानिक नए वायरस को मरीज़ के शरीर में समझ पाएंगे तो चीन के चमगादड़ों या पैंगोलिन को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।

4 of 10
चमगादड़

लेकिन एक बड़ा सवाल यह भी है कि जानवर किसी इंसान को बीमार कैसे कर सकते हैं?

अगर बीते 50 सालों के आंकड़े देखें तो जानवरों से इंसानों में संक्रमण के मामले बढ़े हैं। साल 1980 के समय में बड़े वनमानुषों से आया एचआईवी/एड्स संकट, साल 2004-07 में पक्षियों से होना वाला बर्ड फ़्लू और उसके बाद साल 2009 में सूअरों से होने वाला स्वाइन फ़्लू। जानवरों से आए इन सभी संक्रमणों ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया। लेकिन अगर हाल के सालों की बात करें तो 'सार्स' सबसे खतरनाक संक्रमण के तौर पर सामने आया है। सिवियर अक्यूट रेस्पाइरेटरी सिंड्रोम यानी सार्स चमगादड़ों से होता है। सिवेट्स से भी लेकिन अगर चमगादड़ की बात करें तो इबोला संकट को भी भुलाया नहीं जा सकता। जानवरों से इंसानों को संक्रमण होना कोई नई बात नहीं है। अगर गौर करें तो ज़्याादातर जो नए संक्रमण सामने आए हैं वो वन्य-जीवों से ही इंसानों में फैल हैं।

विज्ञापन

5 of 10
कोरोना वायरस

लेकिन एक प्रजाति की बीमारी किसी दूसरी प्रजाति में कैसे पहुंच जाती है?

अधिकांश जानवरों में रोगाणुओं की एक कड़ी होती है। उनके शरीर में मौजूद वायरस और बैक्टीरिया बीमारियों के कारण बनते हैं। इन रोगाणुओं का क्रमिक विकास और जीवित रहने की क्षमता उनके नए होस्ट (जानवरों से ये जिस भी जीवधारी में जाते हैं) पर निर्भर करता है। एक होस्ट से दूसरे होस्ट में जाना इस क्रमिक विकास का ही एक तरीका है। जब ये रोगाणु किसी नए होस्ट के शरीर में प्रवेश करते हैं तो उस नए होस्ट की रोग-प्रतिरक्षा प्रणाली उसे मारकर बाहर करने की कोशिश करती है। इसका सीधा सा मतलब ये हुआ कि एक रोगाणु के शरीर में प्रवेश करने के साथ ही होस्ट के शरीर में एक 'इवोल्युशनरी-गेम' शुरू हो जाता है।इस खेल में होस्ट और रोगाणु के बीच एक-दूसरे पर काबू करने की कोशिश होती है। उदाहरण के तौर पर, जब साल 2003 में सार्स महामारी फैली थी तो संक्रमित हुए करीब 10 फीसदी लोगों की मौत हो गई थी। इसकी तुलना में 'परंपरागत' फ़्लू महामारी से 0.1 प्रतिशत से भी कम मौतें दर्ज की गई थीं। तेजी से बदल रहे पर्यावरण ने जानवरों के निवास को या तो छीन लिया है या फिर बदल दिया है। इसकी वजह से उनके रहने का तरीक़ा बदल चुका है। खाने और जीने का ढंग भी लेकिन यह बदलाव सिर्फ जानवरों तक ही सीमित नहीं है।

विज्ञापन

6 of 10
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay

इंसानों के रहने के तरीके में भी बहुत बदलाव हुआ है। दुनिया की करीब 55 फीसदी आबादी शहरों में रहती है। जो कि बीते 50 साल में 35 फीसदी बढ़ी है। इन तेजी से बढ़ते शहरों ने वन्य जीवों को नया घर प्रदान किया है। चूहे, चूहे रकून, गिलहरी, लोमड़ी, पक्षी, गीदड़, बंदर जैसे जीव अब इंसानों के साथ हरी जगहों जैसे पार्क और बगीचों में नजर आते हैं। उनके खाने-पीने का इंतज़ाम इंसानों द्वारा छोड़े गए या फेंके गए खाने से हो जाता है। कई ऐसे उदाहरण हैं जिसमें ये वन्य जीव जंगलों की तुलना में शहरों में ज़्यादा सफल जीवन जीने में कामयाब रहे हैं। इसका एक बड़ा कारण ये है कि शहरों में इन्हें आसानी से खाना मिल जाता है लेकिन ये ही वो कारक भी हैं जो बीमारियों को जन्म देने का काम करते हैं।

विज्ञापन

7 of 10
कोरोना वायरस - फोटो : PTI

लेकिन सबसे अधिक खतरा किसे है?

जब कोई रोगाणु किसी नए होस्ट के शरीर में प्रवेश करता है तो वो ज़्यादा खतरनाक साबित हो सकता है और यही वजह है कि जब कोई बीमारी शुरुआती चरण में होती है तो वो ज़्यादा घातक होती है। कई समुदाय ऐसे होते हैं जो किसी दूसरे समुदाय या प्रजाति की तुलना में कहीं जल्दी इनकी चपेट में आ जाते हैं। शहरों में रहने वाले ग़रीब तबके के वो लोग जो अधिकतर साफ-सफाई के काम में लगे होते हैं, उनके संक्रमित होने की आशंका किसी और की तुलना में कहीं अधिक होती है। इसके अलावा उनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर होती है क्योंकि उनके खाने में पौष्टिक तत्वों की कमी होती है। इसके अलावा साफ-सफाई की कमी, दूषित वायु और जल भी एक बड़ा कारण होता है और सबसे दुखद ये है कि ग़रीबी के कारण ये तबका इलाज का खर्च भी नहीं उठा पाता। बड़े शहरों में संक्रमण के फैलने की आशंका भी अधिक होती है। शहरों में घनी जनसंख्या होती है। साफ हवा की कमी होती है। ऐसे में लोग वही हवा सांस में लेते और उन्हीं-उन्हीं जगहों से गुजरते हैं जो शायद किसी संक्रमित शख़्स से दूषित हुई होती है। दुनिया के कई हिस्सों में लोग अर्बन-वाइल्ड लाइफ़ का इस्तेमाल खाने के लिए भी करते हैं। वो शहरों में ही पल रहे जीवों का या तो शिकार करते है या फिर आसपास के इलाकों से पकड़कर लाए गए और सूखाकर फ्ऱीज किए गए जानवरों को खाते हैं।

8 of 10
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay/Social media

बीमारियां हमारे व्यवहार को कैसे बदल रही हैं?

अगर बात कोरोना वायरस की करें तो इसकी वजह से ज़्यादातर देशों ने अपनी सीमाओं को बंद कर दिया है। हवाई यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लोग एक-दूसरे से बात करने, संपर्क में आने से बच रहे हैं क्योंकि डर है कि संक्रमित ना हो जाएं। यह अपने आप में डराने वाला अनुभव है। साल 2003 में सार्स महामारी की वजह से ग्लोबल इकोनॉमी पर छह महीने के लिए 40 अरब डॉलर का भार आ गया था। इस लागत का एक बड़ा हिस्सा स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने में गया था। इसके साथ ही लोगों की आवाजाही बंद थी और आर्थिक स्तर पर घाटा हुआ था।

9 of 10
- फोटो : सोशल मीडिया

हम क्या कर सकते हैं?

समाज और देशों की सरकारें प्रत्येक नए संक्रामक रोग का इलाज एक स्वतंत्र संकट के रूप में करती हैं, बजाय इसके कि वो यह पहचानें कि दुनिया कैसे बदल रही है। जितना अधिक हम अपने पर्यावरण को बदलेंगे उतना ही अधिक हम धरती के पारिस्थितिक तंत्र को नुकसान पहुंचाएंगे। जिससे बीमारियों की आशंका भी बढ़ेगी। अभी तक दुनिया के सिर्फ़ 10 फीसदी रोगाणुओं को डाक्युमेंटेड किया गया है। इसलिए दूसरे रोगाणुओं को पहचानने और उनके स्रोत की पहचान करने के लिए बहुत से संशाधनों की आवश्यकता है। अगर उदाहरण की बाते करें तो यह जांच की जानी चाहिए कि लंदन में कितने चूहे हैं और वे किन-किन बीमारियों के घर हैं। इसका एक दूसरा पक्ष भी है। कई शहरवासी शहरी वन्य जीवन को महत्व देते हैं लेकिन इस बात की पहचान होना जरूरी है कि कुछ जानवर इसका संभावित नुकसान भी उठाते हैं। इसके साथ ही इस बात पर भी ग़ौर किया जाना चाहिए कि क्या कोई जंगली जानवर नया-नया शहर में नजर आ रहा है? लोग किन वन्यजीवों को मारकर खा रहे हैं या फिर बाज़ारों में कौन से जानवर बेचे जा रहे हैं। सफाई की आदतों को बढ़ाकर, कचरे का सही निवारण और पेस्ट कंट्रोल की मदद से इन महामारियों को नियंत्रित किया जा सकता है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण ये है कि हम अपने वातावरण को बदल रहे हैं और इंसान अपनी जरूरतों को बढ़ाता जा रहा है।

विज्ञापन

10 of 10
corona virus lockdown - फोटो : अमर उजाला

भविष्य में भी होगी महामारी

जिस तरह से साल दर साल नए रोग सामने आ रहे हैं और महामारी का रूप ले रहे हैं, ये हमें आने वाले समय के लिए मजबूत भी बना रहे हैं और इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि महामारी आगे आने वाले सालों में भी देखने को मिलेगी। करीब सौ साल पहले स्पैनिश फ़्लू ने दुनिया की एक तिहाई आबादी प्रभावित हुई थी और करीब पांच से दस करोड़ लोगों की मौत हो गई थी। वैज्ञानिक तरीकों को ईजाद करके और वैश्विक स्वास्थ में निवेश करके भविष्य में अगर ऐसा कुछ दोबारा होता है तो उसे और बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है। हालांकि, जोखिम उस समय और विनाशकारी होता है जब वैसा ही कुछ दोबारा होने वाला हो जो पहले हो चुका हो। ये दुनिया को पलट कर रख देने वाला होता है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें