कोरोना वायरस के प्रकोप से पूरी दुनिया प्रभावित है। इस घातक वायरस से संबंधित मामलों के आंकड़ों में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना काल में मानसिक भ्रम और तनाव जैसी समस्याओं में भी इजाफा हो रहा है। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ जाने की वजह से अस्पतालों में भी जगह नहीं है। ऐसे में लोगों को होम आइसोलेशन यानी घर में ही अन्य सदस्यों के संपर्क से बिल्कुल अलग रहने को कहा जा रहा है। होम आइसोलेशन के दौरान मरीज, डॉक्टर के द्वारा बताए गए दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं। इन सब के बावजूद भी होम आइसोलेशन के दौरान कई बातों का ख्याल रखना चाहिए। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से बताएंगे कि होम आइसोलेशन के दौरान किन बातों का ख्याल रखना चाहिए।
कोरोना वायरस: होम आइसोलेशन के दौरान इन बातों का रखना चाहिए खास ध्यान
कोरोना गंभीर बीमारी है मगर सावधानी और समझदारी से इसको हराया जा सकता है। अगर किसी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आता है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। कोरोना के मामूली और हल्के लक्षण वाले मरीज करीब 17 दिन तक अपने घर में होम आइसोलेशन में रहकर और नियम पालन करके बिल्कुल ठीक हो सकते हैं। बस इस बात का बहुत ख्याल रखना है कि होम आइसोलेशन के दौरान अपने डॉक्टर के निर्देशों का सख्ती से पालन करना है, और उसके साथ संपर्क बनाए रखना है।
आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करें
सबसे पहले मोबाइल पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करें और उसमें लोकेशन ट्रैकिंग ऑन जरूर रखें। 24 घंटे नोटिफिकेशन भी ऑन रखें।
बस अपने कमरे में ही रहें।
होम आइसोलेशन के दौरान मरीज का अलग कमरे में रहना बेहद जरूरी है। इससे घर के अन्य सदस्य संक्रमण से बचते हैं । अगर संक्रमित मरीज एकांत में रहता है तो वह भी जल्दी ठीक होता है और अपनी संपूर्ण ताकत खुद को ठीक करने में लगाता है।
इन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए-
- कमरे की साफ-सफाई का ख्याल रखना।
- रोजाना सही तरह से सैनिटाइज करना।
- कमरे में रोशनदान होना और खिड़कियों को खुला रखना ताकि ताजी हवा आती रहे।
- कपड़ों का रोजाना धुलना और धूप में सूखना।
माना कि ये मुश्किल का दौर है मगर हिम्मत से और समझदारी से इसका सामना करके आप और हम इस मुसीबत से बाहर आ सकते हैं।
सकारात्मक सोच के साथ लड़ें,
क्योंकि हिम्मत से ही जीत है।
( नोट - अगर होम आइसोलेशन के दौरान कोरोना मरीज को सांस लेने में दिक्कत हो या उसकी छाती में लगातार दर्द व दबाव महसूस हो। मानसिक भ्रम महसूस हो तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। साथ ही कोरोना मरीज की जो देखरेख कर रहे हैं उनको भी पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।)
Bibliography and References-
Expert- Dr. Rohit Sharma Psychiatrist.
Dr Vinod Chetanya
Dr Amardeep Sirohi
Yoga and Meditation Expert Savita Tiwari.
*(Questionnaire Based).
*(Interview).