बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी की पत्नी से लेकर पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी की बहू तक को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। आइए देखते हैं इस बार बिहार में किन-किन दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा?
बिहार नगर निकाय चुनाव के परिणाम लगभग आ चुके हैं। इस बार बिहार में बड़ा उलटफेर हुआ है। आमतौर पर परिवारवाद के सहारे चुनावों में जीत हासिल करने वाले कई दिग्गज नेताओं को इस बार मुंह की खानी पड़ी। बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी की पत्नी से लेकर पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी की बहू तक को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। आइए देखते हैं इस बार बिहार में किन-किन दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा?
विज्ञापन
डिप्टी स्पीकर की पत्नी चुनाव हारीं
समस्तीपुर नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी की पत्नी संध्या हजारी चुनाव हार गई हैं। उन्हें नगर परिषद की पूर्व चेयरमैन अनीता राम ने पराजित कर दिया है।
विज्ञापन
रेणु देवी की बहू हार गईं चुनाव
बेतिया में नगर निकाय चुनाव का परिणाम काफी रोचक रहा। मेयर पद और एक वार्ड पार्षद पद के रिजल्ट ने सबको हैरान कर दिया। बिहार की पूर्व डिप्टी सीएम और बेतिया विधायक रेणु देवी की बहू सुरभि घई मेयर पद का चुनाव हार गईं। सुरभि घई रेणु देवी के भतीजे की पत्नी हैं। मेयर पद पर बेतिया नगर परिषद की निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया ने फिर से बाजी मारी है। गरिमा के पति रोहित सिकारिया ने वार्ड नंबर 17 से पार्षद पद पर जीत दर्ज की है।
भाजपा विधायक की भाभी भी हारीं
बेतिया से चनपटिया BJP विधायक उमाकांत सिंह की भाभी वार्ड नंबर 33 से पराजित हुई हैं। बीना सिंह को श्रतुल प्रिया ने 176 वोटों से हरा दिया।
विज्ञापन
पूर्व मंत्री की बहू भी हारीं
बेगुसराय से मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहीं पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री भोला सिंह की बहू वंदना भी हार गईं। यहां पिंकी देवी ने जीत हासिल की।
विज्ञापन
पांच बार के सांसद, पत्नी को नहीं जीता पाए
बिहार के अररिया के नरपतगंज पंचायत चुनाव में पांच बार के सांसद सुखदेव पासवान की पत्नी नीलम देवी हार गईं। नीलम देवी तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाली सन्नू कुमारी ने चुनाव हरा दिया। 21 साल की सन्नू के पिता इंद्रानंद पासवान एक शिक्षक हैं और मां आंगनबाड़ी सेविका हैं। सन्नू कुमारी को मुख्य पार्षद के लिए कुल 5,493 मत प्राप्त हुआ है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी सीमा कुमारी को हराया है। सीमा को 3,500 मत प्राप्त हुए। वहीं, तीसरे स्थान पर पूर्व सांसद की पत्नी नीलम देवी रहीं। नीलम देवी को सिर्फ 1,206 वोट मिले हैं।
पूर्व मंत्री रामप्रकाश महतो की पत्नी भी हारीं
पूर्व मंत्री रामप्रकाश महतो की पत्नी मीना देवी इस बार कटिहार से मेयर पद का चुनाव लड़ रहीं थीं। मीना को भाजपा एमएलसी अशोक अग्रवाल की पत्नी उषा अग्रवाल ने हरा दिया। रामप्रकाश महतो बिहार के शिक्षा राज्यमंत्री रहे हैं।