कुल्लू दशहरा उत्सव में सोहन लाल और राधा की मक्की की रोटी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बिलासपुर के इस दंपती ने वर्ष 1991 में मेले से शुरू किया कारोबार आज प्रदेश के कई बड़े उत्सवों तक पहुंचा दिया है। उनके हाथों के स्वाद का आनंद अंबानी परिवार के साथ अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर भी ले चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर...
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इन दिनों सोहन लाल की रसोई में पक रही मक्की की रोटी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। हिमाचल के पारंपरिक स्वाद को प्रदेश के मेलों तक पहुंचाने वाले बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र के नेरी निवासी सोहन लाल और उनकी पत्नी राधा पिछले 36 वर्षों से इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी मक्की की रोटी और सरसों के साग का स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इस बार उन्होंने अपने मेन्यू में कोदरे की रोटी भी शामिल की है, जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
विज्ञापन
Trending Videos
सोहन लाल ने बताया कि वर्ष 1991 में उन्होंने ट्रायल के तौर पर मेले में मक्की की रोटी का स्टॉल लगाया था। उनका यह प्रयोग सफल रहा और धीरे-धीरे इस पारंपरिक व्यंजन की मांग बढ़ती चली गई। एक समय ऐसा भी आया जब ग्राहकों की मांग पूरी करना मुश्किल हो गया था। आज प्रदेश के छोटे-बड़े मेलों में उनकी मक्की की रोटी की खूब मांग रहती है।
सोहन लाल और राधा न केवल अपने पारंपरिक कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि मेलों के दौरान युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध करवा रहे हैं। उनके अनुसार, अलग-अलग मेलों में वे करीब दस युवाओं को काम देते हैं। मक्की की रोटी, सरसों का साग और देसी घी का स्वाद अब प्रदेश से बाहर भी पहचान बना चुका है।
मुंबई तक पहुंचा हिमाचली स्वाद, अंबानी परिवार ने भी चखा
सोहन लाल की मक्की की रोटी के प्रशंसक केवल हिमाचल तक सीमित नहीं हैं। दंपती के अनुसार, देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी के परिवार ने भी उनके हाथों से तैयार इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद चखा है। इसके अलावा फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर भी उनकी मक्की की रोटी के स्वाद का आनंद ले चुके हैं।
लवी मेले से मिला मुंबई का निमंत्रण
सोहन लाल और राधा ने बताया कि वर्ष 2012 में अनिल अंबानी का परिवार रामपुर बुशहर के लवी मेले में पहुंचा था। इस दौरान उन्होंने मेले में लगे सोहन लाल के स्टॉल पर मक्की की रोटी का स्वाद चखा। इसके बाद अनिल अंबानी ने अपनी सिल्वर जुबली के समारोह के लिए दंपती को मुंबई आमंत्रित किया।
मुंबई में आयोजित समारोह में सोहन लाल और राधा ने मक्की की रोटी, सरसों का साग और देसी घी परोसा। दंपती के मुताबिक, इस समारोह में अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर ने भी उनके हाथों के बने पारंपरिक हिमाचली व्यंजन का स्वाद लिया। यह उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा।
महंगे प्लॉट मिलने से दंपती निराश
कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार सोहन लाल और राधा को एक बात का मलाल भी है। उनका कहना है कि इस बार उत्सव में स्टॉल लगाने के लिए उन्हें पहले के मुकाबले काफी महंगा प्लॉट मिला है। दंपती के अनुसार, वे पहले दशहरा कमेटी से सीधे प्लॉट लेते रहे हैं, लेकिन इस बार ठेकेदार के माध्यम से प्लॉट लेना पड़ा, जिसके चलते खर्च पिछले वर्ष की तुलना में काफी बढ़ गया है।
सोहन लाल और राधा का कहना है कि पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने और वर्षों से मेलों में कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने दशहरा कमेटी से इस व्यवस्था पर विचार करने की मांग की है।