पेरिस ओलंपिक में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी योग्यता का लोहा मनवाते हुए देश को हॉकी में 13वां पदक दिलवाया है। बेशक भारतीय टीम टोक्यो ओलंपिक में मिले पदक का रंग नहीं बदल सकी, उसके बावजूद टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।
भारतीय टीम की जीत में हरियाणा के सोनीपत जिले के दो खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। गांव कुराड़ के सुमित कुमार ने नौ बार विरोधी टीम को गोल करने से रोका, वहीं मयूर विहार के अभिषेक ने अंतिम पांच मिनट में डिफेंस कर पदक जीत में अहम भूमिका निभाई। भारतीय हॉकी टीम की जीत के बाद गांव कुराड़ और मयूर विहार में परिजनों ने जमकर जश्न मनाया।