हरियाणा के सिरसा में स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। जहां एक ओर प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई है। अब राजनीतिक दलों ने इस बात पर मंथन शुरू कर दिया है कि स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी चिह्न पर लड़ना है या नहीं। इनेलो नगर परिषद चेयरमैन का चुनाव पार्टी चिह्न पर लड़ेगी जबकि आम आदमी पार्टी नगर पार्षद, चेयरमैन सहित जिला परिषद और पंचायतों के चुनाव में भी अपने चिह्न के साथ मैदान में उतरेगी। भाजपा और कांग्रेस अभी तक फैसला नहीं ले पाई है।
स्थानीय निकाय चुनाव घोषित हो चुके हैं और 30 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसलिए टिकट के चाहने वाले भावी उम्मीदवारों ने पहुंच बनानी शुरू कर दी है। इसके लिए जहां एक ओर जनता में जनसंपर्क शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पार्टी की टिकट को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मंथन शुरू कर दिया है। इनेलो और आम आदमी पार्टी फैसला ले चुकी है। जबकि भाजपा 30 के बाद अधिकारिक रूप से घोषणा करेगी।