सिरसा के कालांवाली, खंड रोड़ी के गांव रोहण निवासी राइफलमैन जीवन सिंह राठौड़ (28) वीरवार को कश्मीर के गुलमर्ग में सेना के काफिले पर आतंकी हमले के दौरान शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम उनके गांव में लाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े।
इससे पहले जीवन सिंह के शहीद होने की सूचना मिलते ही उनके परिवार सहित पूरे गांव में मातम छा गया। लोग परिजनों को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंचने लगे। उनके पार्थिव शरीर को वायुसेना केंद्र लाया गया। वहां से सेना के वाहन में गांव लाया गया। पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रशासन की ओर से कालांवाली के नायब तहसीलदार कंवरदीप सिंह और डीएसपी अर्शदीप सिंह ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।