फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केएमपी पर हादसा: हाथों की मेहंदी फीकी भी नहीं हुई थी कि काल का ग्रास बन गई भूपवती, 3 दिन पहले हुई थी शादी, हादसे में गई जान, 7 घायल

Thu, 24 Feb 2022 08:14 PM IST
भूपेंद्र सिंह मनोज कौशिक, संवाद न्यूज एजेंसी, बादली, बहादुरगढ़ (हरियाणा)
विज्ञापन
1 of 5
भूपवती का फाइल फोटो केएमपी पर क्षतिग्रस्त वाहन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तीन दिन पहले परिजनों ने जिस लड़की को शादी के मंडप से खुशी-खुशी ससुराल के लिए विदा किया था, किसी को अनुमान भी नहीं था कि वह माता-पिता के पास दोबारा कभी नहीं आएगी। केएमपी पर दुर्घटना में मौत का शिकार बनी युवती भूपवती की शादी 19 फरवरी को ही हुई थी। हाथों की मेहंदी का रंग फीका भी नहीं हुआ था कि एक ट्रक चालक की लापरवाही ने उसे मौत के पास पहुंचा दिया।हरियाणा के बादली क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे (केएमपी) पर गुरुवार सुबह हुई दुर्घटनाओं में भूपवती की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। घायलों को झज्जर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन

2 of 5
झज्जर अस्पताल में भूपवती के परिजन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के जिला होशियारपुर के गांव ठक्करवाल की रहने वाली भूपवती उर्फ पूजा की शादी गुरुग्राम जिले के बादशाहपुर गांव के राजीव के साथ हुई थी। परिजनों ने शादी के दिन भूपवती को हंसते हुए विदा किया था, लेकिन उन्हें नहीं मालूम था कि वह अब कभी घर नहीं पहुंचेगी। शादी के बाद पहली बार पंजाब से मायके वाले भूपवती को लेने के लिए बादशाहपुर गांव पहुंचे थे। गुरुवार की सुबह ही भूपवती को लेकर अपने घर पंजाब की ओर जा रहे थे। ससुराल से मात्र 15 किलोमीटर दूर ही चले थे कि केएमपी पर मुंडाखेड़ा गांव के पास उनकी पिकअप गाड़ी की दुर्घटना में भूपवती की मौत हो गई। दुर्घटना में भूपवती का जीजा रवि और प्रेम, भाई दिनेश, लालू, रिंकू, बिजेन्द्र और चालक शंकर भी घायल हुए हैं। सभी व्यक्ति पंजाब के रहने वाले हैं जो कि बुधवार को बादशाहपुर गांव में गए थे।
घायल रवि के अनुसार, गुरुवार की सुबह भूपवती को लेकर पंजाब की ओर रवाना हुए थे, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि केएमपी पर खड़ा एक ट्रक भूपवती की मौत का ग्रास बनकर खड़ा है। जिस युवती की खुशी-खुशी शादी कर परिजनों ने विदा किया था, तीन दिन बाद उसका शव घर पहुंचने पर मातम पसर गया। आखिर केएमपी पर ट्रक चालकों की लापरवाही कब तक लोगों पर भारी पड़ती रहेगी। चार माह पहले भी एक ट्रक ने उत्तर प्रदेश के नौ लोगों की जिंदगी छीन ली थी।
विज्ञापन

3 of 5
हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसा गुरुवार की सुबह हुआ। जब घने कोहरे के चलते वाहन आपस में टकराते गए। दुर्घटना का कारण केएमपी पर बिना रिफ्लेक्टर के खड़ा एक ट्रक बना। इस ट्रक में पिकअप गाड़ी की पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर होने के बाद पिकअप गाड़ी के यात्री उतर रहे थे तो पीछे से एक अन्य ट्रक की पिकअप गाड़ी में टक्कर लग गई जिससे पिकअप गाड़ी दोनों ट्रकों के बीच फंस गई। इसी दौरान पिकअप गाड़ी में सवार पंजाब के जिला होशियारपुर के गांव ठक्करवाल के भूपवती उर्फ पूजा पुत्री अनोखे लाल, शंकर, दिनेश, रवि, लालू, रिंकू, बिजेन्द्र व प्रेम सिंह बुरी तरह फंस गए। पिकअप को शंकर चला था जिसे गहरी चोटें आई हैं। सभी यात्री गुरुग्राम जिले के बादशाहपुर गांव से पंजाब लौट रहे थे। 

राहगीरों की मदद से यात्रियों को पिकअप गाड़ी से बाहर निकाला गया और झज्जर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भूपवती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायल प्रेम सिंह को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रवि की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। ट्रक चालक मौके से भाग गया। इस दौरान अन्य कई वाहन भी टकराए जिसमें एक मोटरसाइकिल सवार भी शामिल है। 

4 of 5
घायल वीरेंद्र और घायल रवि - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे में घायल रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घने कोहरे के चलते मुंडाखेड़ा गांव के पास केएमपी पर खड़े एक ट्रक में उनकी पिकअप गाड़ी टकरा गई। जब वह नीचे उतर रहे थे तो पीछे एक ट्रक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी जिससे यात्रियों को चोटें आई। उनकी साली भूपवती की मौत हो गई है। ट्रक चालक ने इंडीकेटर जलाए बिना ही अपना ट्रक केएमपी पर खड़ा कर रखा था जिससे कई वाहन आपस में टकरा गए।

अन्य कई हादसे भी हुए
टकराने वाले वाहनों में डिजायर कार, सफारी, वैगनआर कार, कैंटर और दो मोटरसाइकिल भी हैं। दुर्घटना का कारण घना कोहरा बताया गया। ज्यादातर वाहन चालक दुर्घटना के बाद अपने गंतव्य की ओर चले गए। इन हादसों की वजह से केएमपी पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को केएमपी से हटाया जिसके बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
मौके का जायजा लेते एसपी वसीम अकरम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसपी ने लिया जायजा
मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम भी पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई व जांच के आदेश जारी किए। उन्होंने बताया कि दोषी चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर पुलिस थाना प्रभारी जसबीर सिंह भी मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें