फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में बारिश का कहर: नकटी उफान पर व सोमनदी के तटबंध में दरार, हिसार में घरों में घुसा पानी; लोग परेशान

Sun, 11 Aug 2024 11:04 AM IST
नवीन दलाल माई सिटी रिपोर्टर, हिसार/यमुनानगर (हरियाणा)

सार

हरियाणा में तेज बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश के कारण नदियां उफान पर है तो शहरों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
विज्ञापन
1 of 7
गलियों से लेकर मेन रोड तक पानी से लबालब - फोटो : संवाद
हरियाणा में तेज बारिश के बाद नकटी नदी उफान पर है। नदी के बीचोंबीच बने तटबंध से प्रवाह क्षेत्र घटने के कारण निकासी समुचित नहीं हो पाई। वहीं, बाईपास पर बनी पुलिया से पानी शहर के निचले इलाकों में चला गया।
 
जिससे खेतों व सड़कों सहित मोहल्ला नई टोली, शिव काॅलोनी, मोहल्ला वासतियान की गलियों व घरों में पानी भर गया। जलभराव से खेतों में लगी फसलों को नुकसान होने की आंशका है। वहीं, जलभराव से कई लोगों का घरेलू सामान खराब हो गया।
 

शनिवार सुबह नौ बजे के बाद अचानक पानी बढ़ने से दोनों मोहल्लावासियों के घरों के अलावा शिव काॅलोनी में पानी घुस गया। ऐसे में लोग सामान लेकर अन्य जगह जाते दिखे। तीनों मोहल्लों के लोग घरेलू सामान लेकर सुरक्षित स्थानों पर पनाह लेने को मजबूर हैं।



कस्बावासी सुरजीत, गुलशन, प्रेम चंद, राहुल ने बताया कि नकटी नदी के किनारे बनी झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा की लिहाज से प्रशासन ने नदी के बीचोंबीच तटबंध बनाकर लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। पंकज सैनी, पवन कुमार, जय सिंह, राजेश, बीरू राम, संजय खेत्रपाल, कुशलवीर बख्शी ने बताया कि शनिवार को अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी खेतों में भर गया। जिससे कोटला मार्ग, सुल्तानपुर की तरफ व टिब्बड़ी के पास भी खेत बारिश के पाने से लबालब हो गए।
विज्ञापन

2 of 7
स्कूल में घुसा पानी - फोटो : संवाद
स्कूल, शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में भी घुसा पानी
कोटला मार्ग पर बीईओ कार्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जलापूर्ति विभाग का नलकूप व श्मशान घाट के अलावा आसपास बने मकानों व दुकानों में पानी घुस गया। बाईपास पर बनी पुलिया से नदी का उफनता पानी कस्बे की तरफ रुख कर गया। जिसके कारण मोहल्ला नई टोली, मोहल्ला कच्चा किला व मोहल्ला वास्तियान की गलियों व घरों में जलभराव हो गया। वार्ड छह के पार्षद नैब सैनी ने बताया कि हर वर्ष इन मोहल्लों के घरों में बारिश का पानी घुसता है। जिससे घरेलू सामान खराब हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नकटी के प्रवाह क्षेत्र को देखकर तटबंध का कार्य सही ढंग से करवाए, जिससे ऐसी स्थिति न बने।
विज्ञापन

3 of 7
पानी से गुजरते लोग - फोटो : संवाद
मुजाफत गांव पर खतरा, भूमि कटाव शुरू
हिमाचल प्रदेश के कैचमेंट एरिया में बारिश से क्षेत्र की बरसाती सोम नदी में जलस्तर बढ़ गया है। अत्यधिक पानी से बिलासपुर के गांव मुजाफत में बनाए सोमनदी के तटबंध में दरार आ गई है। तटबंध में दरार आने से मिट्टी का कटाव शुरू हो गया है। तटबंध में दरार देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिलासपुर एसडीएम देवेंद्र शर्मा को दी।

4 of 7
खेतों में भरा पानी - फोटो : संवाद
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कटाव रोकने की गुहार लगाई
एसडीएम ने नायब तहसीलदार आशीष कुमार को कर्मचारियों के साथ स्थिति का जायजा लेने मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार ने गांव के नदी क्षेत्र का दौरा किया। वहीं गांव में लोगों से बातचीत कर जानकारी ली। वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत मिट्टी के बैग लगाकर कटाव रोकने के निर्देश दिए। जिसके बाद सिंचाई विभाग कटाव रोकने में जुट गया है। उधर कटाव होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है, यदि कटाव समय से न रोका गया तो नदी के पानी से गांव में बाढ़ आ जाएगी, जिससे गांव में तबाही होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कटाव रोकने की गुहार लगाई है।
विज्ञापन

5 of 7
बारिश के पानी से गुजरते वाहन - फोटो : संवाद
हिसार में सुबह से रात तक बरसे मेघ
हिसार सहित आसपास के इलाके में लगातार दूसरे दिन मानसून मेहरबान रहा। शनिवार सुबह करीब नौ बजे तेज बारिश से कॉलोनियों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर जलभराव हो गया। दोपहर में फिर से बादल बरसे और इसके बाद एकबारगी मौसम साफ हो गया। तेज धूप के कारण लोगों को उमस ने सताया, लेकिन शाम छह बजे बाद एकाएक तेज बारिश होने लगी। बारिश से मौसम खुशगवार हो गया, लेकिन जलभराव ने राहगीरों को मुसीबत में डाल दिया। दिल्ली रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर कहीं-कहीं घुटनों तक पानी भरने से दुपहिया सवार गिरकर चोटिल हुए। रुक-रुककर बारिश का दौर करीब दो घंटे तक चला। मौसम विभाग ने बीते 24 घंटे में 20 मिलीमीटर बारिश का अनुमान जताया है। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।
विज्ञापन

6 of 7
हिसार में बारिश से जलभराव - फोटो : संवाद
लोगों के लिए मुसीबत खड़ी हुई
शहर में सुबह सात बजे के बाद से ही आसमान में काली घटाएं छाने लगी थीं। इस दौरान उमस से लोग परेशान दिखे। करीब नौ बजे एकाएक बादल बरसने लगे। करीब 20 मिनट तक एकसार बारिश ने उमस को गायब कर दिया। इस दौरान लोगों ने छतों पर नहाने का आनंद लिया, लेकिन सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई। बारिश थमने के बाद फिर से उमस का माहौल हो गया, लेकिन दोपहर में फिर से बूंदाबांदी हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
लोगों ने आसपास की दुकानों को भी खाली कराया - फोटो : संवाद
बारिश से बेहद खराब हालात
शाम को एकाएक बादल गहरा गए और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। इससे मुख्य मार्गों पर घुटनों तक पानी भर गया। सबसे बुरे हालात सैनियान मोहल्ले के पास दिखे। यहां तीन से चार फीट तक पानी भर गया। लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। दिल्ली रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बारिश के दौरान घोड़ा फार्म रोड पर एक दुकान और उस पर बना कमरा ढह गया।

एहतियात के तौर पर लोगों ने आसपास की दुकानों को भी खाली कराया है। इन दुकानों के पास दो दिन पहले सड़क धंसने से 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। जिसे अभी तक दुरुस्त नहीं किया जा सका है। घोड़ा फार्म रोड़ दुकानदार एसोसिएशन के प्रधान विरेंद्र नरवाल ने कहा कि अधिकारियों को शहरवासियों की कोई चिंता नहीं है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सीवरेज की लाइनों को ठीक नहीं कर पा रहे हैं, जिस कारण यहां बेहद खराब हालात बने हुए हैं।

यहां हो गया जलभराव
पुराने शहर में तोशाम रोड, कैमरी रोड, आजाद नगर, माडल टाउन में सबसे अधिक बारिश रही। सैनियान मोहल्ले में सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने तीन से चार फीट तक पानी भर गया। देर रात पानी निकासी नहीं हो पाई थी। अर्बन एस्टेट की गलियों से लेकर मेन रोड तक लबालब रही।

पानी में बंद दुपहिया वाहन बने जाम का कारण....
सड़कों पर जलभराव के कारण दिल्ली रोड पर अनेक दुपहिया बंद हो गए, इसके कारण चौपहिया वाहनों की गति बेहद कम हो गई थी। इसके चलते जाम लगने लगा। पुरानी सब्जी मंडी वाले आरओबी पर शाम 7 बजे से 9 बजे तक जाम के हालात बने रहे। आईजी चौक पर भी लंबे समय तक जाम लगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें