पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा के पिता हरीश मल्होत्रा की तबियत बिगड़ गई है। उन्हें सोमवार रात को अस्पताल ले जाना पड़ा। रात को ड्रिप लगवाने और दवाइयां देकर उपचार किया गया। हरीश मल्होत्रा ने अब मीडिया से दूरी बना ली है। घर के दरवाजे बंद कर लिए हैं। वह मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहते। मीडिया कर्मी उनके घर के बाहर काफी देर तक इंतजार करने के बाद वापस लौट गए।
ज्योति मल्होत्रा के गिरफ्तार होने के बाद से ही उनके घर पर मीडिया लगातार पहुंच रहा है। उनके पिता हरीश मल्होत्रा मीडिया के सवालों का जबाव देते हुए अपनी बेटी को बेकसूर बता रहे हैं। ज्योति के पिता की तबियत बिगड़ने के बाद उन्होंने मीडिया से दूरी बना ली है। मंगलवार की सुबह दिल्ली, चंडीगढ़ सहित कई स्थानों से मीडिया उनके घर पर पहुंची। जिस पर हरीश मल्होत्रा ने बातचीत करने से इनकार कर दिया। उन्हाेंने घर के दरवाजे बंद कर लिए हैं।
अमर उजाला से बातचीत में हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पिछले दो दिन से उनकी तबियत खराब चल रही है। वह गोली लेकर खुद को ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। उन्हें लगातार कमजोरी महसूस हो रही थी। सोमवार की रात हालात अधिक बिगड़ गए तो उन्होंने अस्पताल में जाकर ड्रिप लगवाई। अब भी दवाइयां ले रहे हैं।