हरियाणा के हिसार जिले के नंगथला गांव में सोमवार की अल सुबह पर्यावरण प्रेमी 40 वर्षीय रमेश वर्मा ने अपना पूरा परिवार उजाड़ लिया। आरोपी ने पहले दो बेटियों, एक बेटे और पत्नी को खीर में जहर दिया और सोने के बाद लोहे की कुदाल से चारों की हत्या कर दी। कुछ देर बाद उसने एक वाहन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। सूचना पर डीआईजी बलवान सिंह राणा, डीएसपी नारायणचंद, अग्रोहा थाना पुलिस व विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने दो सुसाइड नोट बरामद किए। एक मृतक की जेब और दूसरा उसके कमरे में रखी कॉपी में मिला। पुलिस के अनुसार रमेश वर्मा ने सुसाइड नोट में लिखा कि वह मोक्ष के लिए अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या कर जान दे रहा है। रमेश वर्मा ने पहले खीर में अपनी 35 वर्षीय पत्नी सविता देवी, 14 वर्षीय बेटी अनुष्का, 13 वर्षीय बेटी दीपिका, करीब 10 वर्षीय बेटे केशव को जहर दिया। उसके बाद सभी की लोहे की कुदाल से वार कर हत्या की। छोटी बेटी दीपिका के सिर पर वार के ज्यादा निशान मिले हैं। रमेश का शव बरवाला मार्ग पर मिला। अनुमान है कि रमेश ने किसी वाहन के सामने कूदकर जान दी है। वहीं, घर की हालत देखकर लग रहा है कि रविवार रात सभी ने घर में बने मंदिर में भगवान को खीर का भोग लगाकर भोजन ग्रहण किया था। सभी के सोने के बाद रमेश ने वारदात को अंजाम दिया।