साल 2024 हरियाणा के विकास के लिए नई उम्मीदें लेकर आएगा। लोकसभा और विधानसभा के साथ निगम चुनाव के कारण राजनीतिक रूप से सरगर्म रहने वाले इस साल में राज्य के 65 हजार लोगों को सरकारी नौकरियां मिलने की आस है। राज्य को दो नए एयरपोर्ट और तीन मेडिकल कॉलेज भी मिलेंगे। आम लोगों की जिंदगी पर असर डालने वाले कई शोध पूरे होंगे तो कई ऐतिहासिक प्रोजेक्टों की नींव भी रखी जाएगी। जाते-जाते 2024 में हरियाणा के लोगों को चुनी हुई नई सरकार मिलेगी। एक नजर डालते हैं 2024 की उन उम्मीदों पर जो न सिर्फ लोगों का जीवन बदलेंगी, बल्कि राज्य की आर्थिक तरक्की में मील का पत्थर साबित होंगी...
विज्ञापन
2 of 14
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : amar ujala
हजार युवाओं को सरकारी नौकरी
चुनावी साल में हरियाणा सरकार का लक्ष्य 65 हजार सरकारी नौकरियां देना है। इनमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से ग्रुप सी के 32 हजार पद और ग्रुप डी के करीब 15 हजार पदों के अलावा 6 हजार पुलिस कर्मचारियों की भर्ती शामिल है। इसके अलावा करीब 12 हजार पदों पर हरियाणा लोक सेवा आयोग ने भर्ती करने का लक्ष्य तय किया है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से करीब आठ हजार पीजीटी और टीजीटी की भर्ती की जानी है। बेरोजगारी हरियाणा का बड़ा मुद्दा है। विपक्षी दल बेरोजगारी दर को लेकर लगातार सरकार पर हमला बोलते रहे हैं। वहीं, सरकार भी नौकरियां देने के मुद्दे को अपनी उपलब्धि बता रही है। सरकार का दावा है कि अपने नौ साल के कार्यकाल में उसने एक लाख 10 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी है।
विज्ञापन
3 of 14
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
एयरपोर्ट इस साल संचालित होंगे
हरियाणा के हिसार व अंबाला एयरपोर्ट 2024 से संचालित होने लगेंगे। हिसार एयरपोर्ट में संभवत: अप्रैल से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसके लिए नौ रूट तय किए गए हैं। हिसार एयरपोर्ट से जैसलमेर, जयपुर, आगरा और बीकानेर के लिए और अंबाला से वाराणसी, लखनऊ, गोरखपुर व अन्य शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू होंगी। वहीं, अंबाला से भी जून-जुलाई के आसपास उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इन दोनों एयरपोर्ट के लिए सरकार दो एयरलाइंस से बातचीत कर रही है। अभी तक हरियाणा से कोई हवाई यात्रा नहीं है। राज्य के लोगों को फ्लाइट पकड़ने के लिए चंडीगढ़ या नई दिल्ली जाना पड़ता है। हालांकि हरियाणा सरकार ने एयर स्पोर्ट्स एक्टिविटी शुरू करने का भी प्रस्ताव दिया हुआ है। सरकार इसके लिए भी संभावनाएं तलाश रही है।
4 of 14
AIIMS एम्स
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी में देश का 22वां एम्स
रेवाड़ी में बनने वाले एम्स के निर्माण की शुरुआत नए साल में हो सकती है। यह देश का 22वां एम्स होगा। हाल ही में विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जानकारी दी थी कि एम्स के लिए नई जमीन को चिह्नित कर उसका अधिग्रहण कर लिया गया है। जल्द ही सरकार केंद्र से आग्रह करेगा कि एम्स का निर्माण जल्द शुरू किया जाए। 210 एकड़ भूमि में बनने वाले एम्स से न सिर्फ हरियाणा बल्कि राजस्थान के कुछ जिलों के लोगों को भी फायदा पहुंचेगा।
विज्ञापन
5 of 14
नीरज चोपड़ा
- फोटो : सोशल मीडिया
खिलाड़ियों से सोने की उम्मीद
2024 में फ्रांस में ओलंपिक खेल होंगे। इन खेलों में से हरियाणा को खास उम्मीदे हैं। पिछली बार टोक्यो ओलंपिक में हरियाणा के 30 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें भारत ने एक स्वर्ण समेत सात पदक जीते थे। इनमें से छह व्यक्तिगत पदक थे, जिनमें से तीन हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते थे। खास तौर पर नीरज चोपड़ा पर पूरे देश की नजर रहेगी। साथ ही साल की शुरुआत में तमिलनाडु में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन होगा। इसमें भी हरियाणा के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हरियाणा 2018 और 2022 में यूथ गेम्स का खिताब जीत चुका है। अप्रैल में होने वाले आईपीएल में हरियाणा के दो नए खिलाड़ी अंशुल कंबोज और सुमित कुमार शामिल हुए हैं।
विज्ञापन
6 of 14
election demo
- फोटो : अमर उजाला
यह साल जनता जनार्दन का... तीन चुनाव
राजनीतिक दृष्टि से नया साल हरियाणा के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। यह चुनावी साल होगा। इस साल राज्य में तीन लोकपर्व मनाए जाएंगे। लोकसभा चुनाव के साथ राज्य में विधानसभा और नगर निगम के चुनाव प्रस्तावित हैं। अप्रैल में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसकी तैयारियां मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। वहीं, हरियाणा सरकार का कार्यकाल तीन नवंबर को खत्म होगा। इससे पहले अक्तूबर में नई सरकार के लिए वोट डाले जाएंगे और अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में नई सरकार चुनी जाएगी। इस बात की संभावना बहुत कम है कि लोकसभा के साथ विधानसभा के चुनाव करवाए जाएं। इस बीच हरियाणा सरकार नगर निगम के चुनाव भी करवा सकती है। 2024 में आठ नगर निगम व 38 अन्य निकाय संस्थाओं के भी चुनाव होने हैं।
विज्ञापन
7 of 14
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वैध होंगी अवैध कॉलोनियां घूमेगा विकास का पहिया
नए साल में हरियाणा में अवैध कॉलोनियों को वैध करने का सिलसिला जारी रहेगा। सरकार ने अवैध कॉलोनियों को वैध बनाने के लिए शहरी स्थानीय निकाय संस्थाओं और डीटीपी से आवेदन मांग रखे हैं। नियमों को पूरा करने वाली कॉलोनियों को वैध किया जा रहा है। हरियाणा में अब तक 1673 कॉलोनियों को वैध घोषित किया जा चुका है, जबकि 210 काॅलोनियों को और वैध करने की सीएम मनोहर लाल घोषणा कर चुके हैं। प्रदेश की 2274 अनियमित कॉलोनियों की अधिसूचना को पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2024 तय की गई है। वैधता के बाद इन कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं जैसे कि सड़कें, सीवरेज, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट आदि उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार ने तय किया है कि 31 जनवरी के बाद राज्य में एक भी नई अवैध कॉलोनी को पनपने नहीं दिया जाएगा।
8 of 14
साइबेरियन पक्षियों की प्रजातियां मध्य एशिया से आईं हैं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
झील क्षेत्रों में कलरव कर रहे 35 प्रजातियों के विदेशी पक्षी
इस साल 250 विदेशी पक्षियों की प्रजातियों के आने की उम्मीद है। ठंड बढ़ने के साथ ही प्रवासी पक्षियों का झज्जर के भिंडावास झील के अलावा मांडौठी, डीघल, रोहद, धौड़, खेड़ी खुम्मार स्थित फ्लाईओवर के पास डेरा जमने लगा है। 30 से 35 प्रजातियों के पक्षी यहां कलरव कर रहे हैं। पिछले साल इस 175 से ज्यादा प्रजातियां आईं थीं। इन झील क्षेत्रों में पयर्टन को पंख लग सकते हैं।
9 of 14
एशिया की सबसे बड़ी मंडी का निर्माण
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एशिया की सबसे बड़ी मंडी का निर्माण
सोनीपत में सब्जी मंडी का निर्माण इस साल शुरू होने की उम्मीद है। हैदराबाद की एक कंपनी को इसके निर्माण का काम सौंपा गया है। दावा है कि 537 एकड़ में बनने वाली सब्जी मंडी एशिया की सबसे बड़ी मंडी होगी। इसी साल जून में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फल, फूल एवं बागवानी मार्केट में कार्यों का शुभारंभ किया था। इसमें 1200 दुकानंे बनाई जानी हैं। रोजगार के लिहाज से यह मंडी मील का पत्थर साबित होगी। यह भी योजना है कि सब्जियां बाहर भेजने के लिए मंडी को गन्नौर रेलवे स्टेशन से जोड़ा जाएगा। यदि संभव नहीं हुआ तो एक विशेष तौर पर रेलवे स्टेशन भी बनाया जाएगा। इस मार्केट में 14 राज्यों से माल पहुंचेगा। इस मंडी के निर्माण के बाद हरियाणा के किसान दिल्ली की आजादपुर मंडी जाने के बजाय यहां अपनी फल-फूल और सब्जियां बेच सकेंगे।
10 of 14
doctor
- फोटो : अमर उजाला
तीन मेडिकल कॉलेज होंगे शुरू
हरियाणा में 2024 में तीन और मेडिकल कॉलेज शुरू होने की उम्मीद है। इनमें महेंद्रगढ़, भिवानी और जींद के मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो चुके हैं। इनके लिए उपकरण खरीदने की तैयारी चल रही है। इनके अलावा फरीदाबाद, पंचकूला, कैथल, कुरुक्षेत्र व रेवाड़ी में पांच सरकारी नर्सिंग कालेज खोले जाने हैं। हरियाणा सरकार की हर जिले में मेडिकल काॅलेज की योजना है, अब सरकारी और निजी काॅलेजों की संख्या 15 हो गई है। वहीं, पिछले नौ सालों में एमबीबीएस की सीटें 700 से बढ़कर 2185 हो गई हैं। पीजी (स्नातकोत्तर) की सीटें 289 से बढ़कर 851 हो गई हैं। करनाल के कुटैल में पहले से पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। इन मेडिकल कॉलेज के निर्माण से डॉक्टरों की कमी पूरी होगी।
11 of 14
Demo pic
एक लाख शहरी गरीबों को मिलेगी घर की चाबी
चुनावी साल होने की वजह से हरियाणा सरकार राज्य के एक लाख शहरी गरीब परिवारों को सस्ते फ्लैट और प्लॉट मुहैया कराएगी। बीते सितंबर में हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत 1.80 लाख रुपये सालाना आय वाले परिवार मकान के लिए आवेदन कर सकते हैं। सरकार ने आवेदन के लिए पोर्टल लांच किया था। कुछ ही दिनों में करीब दो लाख लोगों ने इस पर आवेदन किए थे। इस योजना के तहत जिन शहरों में महंगी जमीन है, वहां फ्लैट दिए जाएंगे और जहां जमीन सस्ती होंगी, वहां आवेदकों को प्लॉट दिए जाएंगे। राज्य में पीएम आवास योजना (शहरी व ग्रामीण) के लिए पहले से अभियान चल रहा है। इसके तहत सरकार अभी तक करीब 60 हजार मकानों के लिए पैसा दे चुकी है।
12 of 14
राखीगढ़ी में मिला शहर
- फोटो : अमर उजाला
राखीगढ़ी में संग्रहालय का निर्माण और अग्रोहा के टीले की होगी खुदाई
हिसार के राखीगढ़ी में संग्रहालय का निर्माण और अग्रोहा के टीले की खोदाई इसी साल शुरू होगी। दोनों ही पुरातात्विक स्थान पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण हैं। राखीगढ़ी संग्रहालय का डिजाइन तैयार हो चुका है। इसके लिए सीएम मनोहर लाल और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि साल की शुरुआत में ही संग्रहालय निर्माण शुरू हो सकता है। वहीं, अग्रोहा धाम स्थल में भी एक संग्रहालय बनाया जाना है। अक्तूबर महीने में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और हरियाणा के पुरातत्व विभाग संयुक्त रूप से स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों के विकास को मंजूरी दे चुका है। पुरातत्व स्थल की खोदाई एएसआई और हरियाणा राज्य पुरातत्व विभाग संयुक्त रूप से करेगा। खुदाई से पहले राज्य सरकार संभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण भी करवाएगी। उम्मीद है कि नए साल में इसके लिए एएसआई और हरियाणा सरकार के बीच करार हो जाएगा।
13 of 14
एचएयू गेट (HAU)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ग्राफ्टिंग यूनिट : किसानों-पशुपालकों के लिए सौगात
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में नए साल में वेजिटेबल ग्राफ्टिंग यूनिट शुरू होगी। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना-रफ्तार परियोजना के तहत इस यूनिट के शुरू होने से हरियाणा ही नहीं बल्कि देश में भी निकट भविष्य में ग्राफ्टिंग तकनीक से संबंधित अनुसंधान कार्य और व्यवसायीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इस तकनीक के प्रचलन के साथ ही किसानों की आय को भी बढ़ाया जा सकेगा व सब्जी उत्पादकों को विशेष लाभ होगा। इस यूनिट के शुरू होने के बाद विश्वविद्यालय किसानों को ग्राफ्टिंग तकनीक से तैयार पौधे उपलब्ध करवाएगा।
दुधारू पशुओं की बेहतर नस्लें होंगी इजाद
करनाल स्थित राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) में उत्तम नस्लों के सीमन पर शोध कार्य चल रहा है। इस शोध के पूरा होने से अधिक पशुओं की दूध देने वाली नस्लें इजाद हो सकेंगी। इसके अलावा क्लोन भैंसों के सीमन को टेस्ट करने का कार्य और गैर गोवंशीय पशुओं के दूध को बढ़ाने पर भी शोध किया जा रहा है। 2024 में इन शोधों के पूरा होने की उम्मीद है।