फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2023: सियासी दिग्गजों के दौरे... निशाना मिशन 2024, सीएम मनोहर लाल करीब 15 बार करनाल दौरे पर आए

Sat, 30 Dec 2023 09:53 AM IST
नवीन दलाल गगन तलवार, करनाल (हरियाणा)

सार

करनाल में वर्ष 2023 की शुरुआत राजनीतिक दौरों के बीच हुई थी। सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान करनाल पहुंचे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे। वहीं, इस वर्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भी करनाल में करीब 15 बार आगमन हुआ।
विज्ञापन
1 of 11
दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंती राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु। - फोटो : अमर उजाला
वर्ष 2023 करनाल के लिए कई सौगातों और राजनीतिक हलचलों वाला रहा। दिग्गज नेताओं ने कर्ण नगरी का दौरा करके यहां से प्रदेश के हर वर्ग को साधने का प्रयास किया। मिशन 2024 को लक्ष्य मानते हुए दो-चार बात करके और सौगात देते हुए दिल जीतने का प्रयास किया गया।

विश्व विख्यात कल्पना चावला के नाम से उसके शहर में बने मेडिकल संस्थान में छात्राओं की ओर से ओटी मास्टर पर यौन शोषण के आरोप और कर्ण की नगरी की गोशाला में करीब 50 गायों की मौत के मामले ने करनाल के दामन को दागदार किया। जबकि एशियाई खेलों के प्रदेश के पदक विजेताओं का करनाल में सम्मान और बोर्ड परीक्षा परिणाम में बेटियों ने प्रदेश में स्थान प्राप्त करके जिले को नाज कराया है।

वर्ष की शुरुआत राजनीतिक दौरों के बीच हुई थी। सबसे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान करनाल पहुंचकर शहर को पैदल नापा। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मधुबन पुलिस अकादमी में पहुंचकर हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान से अलंकृत किया। इसके अलावा साल के अंतिम पड़ाव में दोबारा शिरकत करके उन्होंने अंत्योदय सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश के लाभार्थियों को सौगातें दी।

इसके अलावा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रिंग रोड परियोजना का शिलान्यास किया और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने भी एनडीआरआई के दीक्षांत समारोह में शिरकत की। सालभर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का भी करनाल में करीब 15 बार आगमन हुआ। यौन शोषण का आरोप छात्राओं ने विधानसभा की कमेटी के समक्ष लगाए थे। ये कमेटी मेडिकल कॉलेज का दौरा करने पहुंची थी।
विज्ञापन

2 of 11
राष्ट्रपती द्रौपदी मुर्मू - फोटो : अमर उजाला
100वें स्थापना दिवस पर एनडीआरआई पहुंची महामहिम
24 अप्रैल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एनडीआरआई के 100वें स्थापना वर्ष में हुए दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। राष्ट्रपति ने 544 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की। इस मौके पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, आईसीएआर-एनडीआरआई के निदेशक और कुलपति डॉ. धीर सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज दीक्षांत समारोह के साथ-साथ संस्थान के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। एनडीआरआई देश का बहुत ही महत्वपूर्ण संस्थान है। आज पशुपालन व डेयरी के क्षेत्र में जिस मुकाम पर देश खड़ा है, उससे हम दुनिया के सर्वाधिक दूध उत्पादन वाले देश बन गए हैं।
विज्ञापन

3 of 11
करनाल पहुंचे राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा। - फोटो : अमर उजाला
राहुल गांधी 65 किमी पैदल चले, दिखा युवा जोश
आठ और नौ जनवरी को कोहंड गांव से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई। राहुल गांधी के साथ पार्टी नेता जयराम रमेश, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, सैलजा और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान भी पहुंचे। दो दिनों में नेशनल हाईवे और शहर को राहुल गांधी ने पैदल नापा। करीब 65 किलोमीटर का सफर तय किया। इसमें शहरी क्षेत्र में भी दस किलोमीटर तक चले। बाक्सर विजेंद्र भी यात्रा में टी शर्ट पहने राहुल संग नजर आए। इसी दौरान राहुल जब दिल्ली से लौटे तो उनके साथ यात्रा की शुरुआत में डाग लूना भी आगे बढ़ा। यहां उन्होंने दंगल भी देखा और किसानों से भी चर्चा की।

4 of 11
मधुबन में गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस लोगो का किया शुभारंभ। - फोटो : अमर उजाला
कर्णनगरी में मिला हरियाणा पुलिस को निशान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 फरवरी को करनाल पहुंचे। मधुबन पुलिस अकादमी में अमित शाह ने परेड की सलामी लेने के बाद हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान सौंपा। प्रदेश में पुलिस को नई पहचान कर्ण नगरी में मिली। यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली और हैफेड एग्रो मॉल का उद्घाटन किया। शाह ने कहा कि पूरे देश में हरियाणा पुलिस को धाकड़ पुलिस की संज्ञा दी जाती है।
विज्ञापन

5 of 11
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह - फोटो : ANI
महासम्मेलन में शाह खेले शह-मात का खेल
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो नवंबर को करनाल पहुंचे। सेक्टर चार स्थित दशहरा ग्राउंड में हुए अंत्योदय महासम्मेलन में शाह ने शह मात खेल गए। अंत्योदय के लाभार्थियों को कई सौगातें दी। पांच नई महत्वपूर्ण योजनाओं में पहली योजना मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, दूसरी योजना हरियाणा आय वृद्धि बोर्ड योजना, तीसरी योजना आयुष्मान भारत चिरायु योजना में 14 लाख परिवारों को जोड़ा जाना, चौथी योजना मुख्यमंत्री अंत्योदय दुग्ध उत्पादन सहकारिता प्रोत्साहन का शुभारंभ और पांचवीं योजना हरियाणा अंत्योदय परिवहन योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में शिक्षा, स्वाथ्य, सुरक्षा, समाज, समग्र विकास पर काम होगा।
विज्ञापन

6 of 11
करनाल रिंग रोड प्रोजेक्ट की आधारशिला रखते केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी। - फोटो : अमर उजाला
शहर को नई परिधि में बांध गए गडकरी
20 जून को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने करनाल को 1700 करोड़ की सौगात दी। रिंग रोड के शिलान्यास के साथ ही कर्ण नगरी को नई परिधि में बांध गए। भारत माला प्रोजेक्ट के तहत छह लेन रिंग रोड का शिलान्यास किया। रिंग रोड करनाल के 26 गांवों से होते हुए गुजरेगी। गडकरी ने कहा कि 35 किलोमीटर लंबा रिंग रोड शहर के विकास की पहचान होगा।
विज्ञापन

7 of 11
रणदीप सुरजेवाला और हुडडा के समर्थकों में चले लात घूंसे। - फोटो : अमर उजाला
हुड्डा-सुरजेवाला समर्थक भिड़े, चले लात-घूंसे
पांच सितंबर को कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक के दौरान स्टेट ऑब्जर्वर की मौजूदगी में हुड्डा-सुरजेवाला के समर्थक भिड़े। दोनों पक्षों में जमकर लात और घूंसे चले। काफी हंगामे के बाद दोनों पक्षों को शांत किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कॉर्डिनेटर योगराज भदौरिया, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कॉर्डिनेटर जरनैल सिंह व एसएल शर्मा पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पहुंचे थे। सुरजेवाला गुट के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंचते ही नारेबाजी शुरू कर दी। सुरजेवाला समर्थकों ने ऑब्जर्वर वापस जाओ के नारे लगाते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस की मीटिंग की जानकारी ही नहीं दी गई थी।

8 of 11
कर्ण स्टेडियम में खिलाडियाें को सम्मानित करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल। - फोटो : अमर उजाला
एशियाई खेलों में डंका बजाने वालों को मिला सम्मान
20 अक्तूबर को चीन में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में पदक जीतकर हरियाणा का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सम्मानित किया। कर्ण स्टेडियम में हुए राज्य स्तरीय समारोह में कुल 22 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और नौकरी का ऑफर लेटरदेकर मुख्यमंत्री ने दिए। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ऑनलाइन जुड़े। ऐसा पहली बार हुआ कि प्रदेश स्तरीय समारोह करनाल में आयोजित किया गया और यहीं पर हरियाणा का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ी पहुंचे।

9 of 11
सैनिक स्कूल कुंजपुरा में आयोजित कार्यक्रम में परेड की सलामी लेते मुख्यमंत्री मनोहर लाल। - फोटो : अमर उजाला
सभी जिलों में सैनिक स्कूल खुलने की घोषणा
17 अक्तूबर को सैनिक स्कूल में पहली बार अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल-2023 की मेजबानी का अवसर मिला। देशभर के खिलाड़ी यहां पहुंचे और दम दिखाया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जहां खिलाड़ियों में जोश भरा। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में पीपीपी मोड में सैनिक स्कूल खोलने की घोषणा भी की। खिलाड़ियों को प्रोत्सहित करते हुए जय जवान-जय किसान के नारे का भी विस्तार करते हुए उन्होंने जय जवान, जय किसान के साथ जय पहलवान को जोड़ा।

10 of 11
राहगीरी में पहुंचे मख्यमंत्री मनोहर लाल। - फोटो : अमर उजाला
राहगिरी का आगाज, बच्चों संग बच्चा बने सीएम
दो जुलाई को तीन साल बाद कर्ण नगरी में एक बार फिर राहगिरी कार्यक्रम का आगाज हुआ। कोरोना के कारण 2020 में बंद हुए आयोजन के दोबारा शुरू होने पर शहर भर के लोग उत्साह व जोश के साथ उमड़े। मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों संग बच्चा और युवाओं संग युवा बने नजर आए मुख्यमंत्री ने सभी में जोश भरा। कहा कि करनाल में राहगिरी का कार्यक्रम पहले भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
विज्ञापन

11 of 11
ज्योती, तनवी और जसमीत कौर - फोटो : अमर उजाला
लाडलियों की मेहनत से अर्श पर आया करनाल
हरियाणा बोर्ड का परीक्षा परिणाम हो या फिर सीबीएसई का, दोनों में कर्ण नगरी की बेटियों ने प्रदेश स्तर पर नाम चमकाया है। म्हारी लाडलियों की मेहनत से करनाल कई साल बाद एक साथ कक्षा दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम में अर्श पर पहुंचा है।
  • जसमीत कौर : 497 अंक से हरियाण बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में प्रदेश में द्वितीय और जिले में प्रथम रही। अब दिल्ली विश्वविद्यालय से ओपन से बीकॉम कर रही हैं।
  • ज्योति रानी : 496 अंक के साथ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में प्रदेश में तृतीय और करनाल में प्रथम रही।
  • तनवी : सीबीएसई कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में 99.2 प्रतिशत अंक के साथ जिले में टॉप पर रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें