फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहादत को सलाम: श्रीओम गौतम अमर रहे के गूंजे नारे, बेटे योगेश ने दी मुखाग्नि, बेटी पार्थिव देह देख बोली- जयहिंद पापा

Sun, 17 Apr 2022 12:55 AM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)

सार

सूबेदार एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान श्रीओम गौतम जम्मू-कश्मीर के शोपियां में तैनात थे। शहीद के अंतिम संस्कार में पहुंचे उनके साथी सूबेदार संजीव ने बताया कि आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ के दौरान सूबेदार श्रीओम गौतम की टीम जवानों को बेकअप देने जा रही थी।
विज्ञापन
1 of 8
शहीद श्रीओम गौतम के अंतिम दर्शन करतीं पत्नी कविता और बेटी जयंती। शहीद सूबेदार श्रीओम गौतम का फाइल फोटो। शहीद की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों की फायरिंग के दौरान शहीद हुए हरियाणा के चरखी दादरी जिले के महराणा निवासी सूबेदार श्रीओम गौतम शनिवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गए। गांव में राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संसार किया गया। शहीद के मुखाग्नि बेटे योगेश ने दी, जबकि बेटी जयंती पिता की पार्थिव देह के दर्शन करते ही जयहिंद पापा बोली। जांबाज को अंतिम विदाई देने जनसैलाब उमड़ा।

बता दें कि महराणा निवासी सूबेदार एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान श्रीओम गौतम जम्मू-कश्मीर के शोपियां में तैनात थे। शहीद के अंतिम संस्कार में पहुंचे उनके साथी सूबेदार संजीव ने बताया कि आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ के दौरान सूबेदार श्रीओम गौतम की टीम जवानों को बेकअप देने जा रही थी। मुठभेड़ स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पहाड़ी पर छिपकर बैठे आतंकवादियों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान सेना के जवानों की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक बिल्डिंग से टकरा गई जिसमें तीन जवान वीरगति को प्राप्त हुए और उनमें सूबेदार श्रीओम गौतम भी थे।
विज्ञापन

2 of 8
शहीद को नमन करते सांसद धर्मबीर सिंह। शहीद की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू-कश्मीर से शनिवार सुबह उनकी पार्थिव देह दिल्ली और दोपहर बाद गांव पहुंची। उनकी अंतिम यात्रा में जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला, सांसद धर्मबीर सिंह, पूर्व विधायक एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र मांढ़ी, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान समेत डीसी प्रदीप गोदारा, तहसीलदार बंसीलाल और नायब तहसीलदार कृष्ण समेत सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।
विज्ञापन

3 of 8
शहीद सूबेदार श्रीओम का फाइल फोटो, शहीद की फोटो के साथ पत्नी वे बेटा बेटी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पत्नी कविता बोली: पति को खोने का गम, शहादत पर गर्व
शहीद की पत्नी कविता का कहना है कि उसे पति को खोने का गम तो है, लेकिन उससे कहीं अधिक उनकी शहादत पर फक्र है। कविता का कहना है कि बेटे योगेश को भी वह सेना में भेजेंगी। कविता ने बताया कि वीरवार दोपहर को ही उसकी और बच्चों की फोन पर श्रीओम से बात हुई थी।

4 of 8
शहीद की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिले की सड़कों और गांव की गलियों में गूंजे नारे, अंतिम यात्रा में 2000 से अधिक लोग हुए शामिल
शहीद सूबेदार श्रीओम गौतम अमर रहे। जब तक सूरज-चांद रहेगा, श्रीओम तेरा नाम रहेगा। शनिवार को महराणा गांव की गलियां इन नारों से गूंज उठी। महराणा निवासी जाबांज की शनिवार शाम गांव में अंत्येष्टि की गई, जिसमें दो हजार से अधिक लोग शामिल हुए। सैन्य और पुलिस टुकड़ी ने मातमी धुन के साथ हवाई फायर कर शहीद को सलामी दी। परिजनों के शहीद के अंतिम दर्शन करते समय लोग भावुक हो उठे।
 
महराणा निवासी श्रीओम गौतम 1998 में सेना में भर्ती हुए थे। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के शोपियां में थी। 24 साल की सेवा के दौरान वो सिपाही से सूबेदार पद तक पहुंचे थे। गत वीरवार को आतंकी हमले में वो वीरगति को प्राप्त हुए थे और उनकी पार्थिव देह शनिवार को घर पहुंचनी थी।
विज्ञापन

5 of 8
शहीद को मुखाग्नि देता बेटा योगेश। अपने लाल के अंतिम दर्शन करता शहीद का पिता शिव कुमार। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके चलते सुबह से ही महराणा में शहीद के घर लोगों का आना-जाना शुरू हो गया। पार्थिव देह के झज्जर पहुंचने की सूचना मिलते ही महराणा पहुंचे युवा 100 से अधिक बाइकों और गाड़ियों के जत्थे के साथ दादरी पहुंच गए। करीब साढ़े तीन बजे पार्थिव देह दादरी पहुंची और करीब चार बजे सेना की गाड़ी पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंच गई। यहां, शहीद की पत्नी कविता, बेटे योगेश, बेटी जयंती, पिता शिव कुमार और अन्य परिजनों ने अंतिम दर्शन किए।

शाम करीब पांच बजे गांव के पशु अस्पताल में शहीद सूबेदार श्रीओम गौतम की अंत्येष्टि की गई। इस दौरान सेना और पुलिस की टुकड़ी ने हवाई फायर कर सलामी दी और जिला प्रशासन समेत राजनेताओं व गण्यमान्य लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन

6 of 8
मातमी धुन में हवाई फायर कर शहीद सूबेदार श्रीओम गौतम को श्रद्धांजलि देती सैन्य टीम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सिक्किम में तैनात है छोटा भाई
शहीद सूबेदार श्रीओम गौतम का छोटा भाई देवेंद्र भी सेना में है और उनकी तैनाती सिक्किम में है। देवेंद्र भी सूबेदार के पद पर तैनात है, जबकि शहीद के चाचा विष्णु भी सेना से रिटायर्ड हैं। गत मार्च में ही श्रीओम गौतम एक माह की छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे।
विज्ञापन

7 of 8
पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देते सेवा के जवान। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एनडीए में जाना चाहता है योगेश
शहीद सूबेदार श्रीओम गौतम के दो बच्चे हैं। 17 वर्षीय बेटा योगेश बारहवीं कक्षा में है। योगेश का कहना है कि उसके पिता का सपना था कि वह एनडीए में जाकर देशसेवा करे और अपने पिता के इस सपने को पूरा करना के लिए मैं जी जान लगा दूंगा। वहीं, शहीद की 19 वर्षीय बेटी जयंती शहर के एपीजे कन्या महाविद्यालय में एमएससी कर रही है और इसके अलावा वह सीडीएस की तैयार भी कर रही है।
विज्ञापन

8 of 8
शहीद के बेटे से बातचीत करते अजय चौटाला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अजय चौटाला ने की शहीद के नाम से पार्क कम व्यायामशाला निर्माण की घोषणा
जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने गांव महराणा पहुंचकर सूबेदार श्रीओम गौतम की शहादत पर परिवार से मिलकर सांत्वना दीं। उन्होंने शहीद श्रीओम के पुत्र योगेश को ढांढस बांधते हुए हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि वीर सैनिकों के दम पर ही हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। देश की रक्षा में सहर्ष अपनी जान न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश को अपने जांबाज वीर सिपाही श्रीओम गौतम पर नाज है। उन्होंने कहा कि वीर सैनिक की याद में गांव महराणा के पार्क कम व्यायामशाला का नामकरण शहीद श्रीओम गौतम के नाम से किया जाएगा।
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें