आज से करीब 100 साल पहले महात्मा गांधी गोरखपुर आए थे। आठ फरवरी 1921 का दिन था। सुबह-सुबह गोरखपुर रेलवे स्टेशन 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज रहा था। घुटनों तक धोती पहने दुबला-पतला एक व्यक्ति समर्थकों के साथ स्टेशन से बाहर निकला और एक ऊंचे स्थान पर खड़ा होकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। सामने एक चादर बिछी थी, उस पर पैसों की बरसात हो रही थी। यह व्यक्ति कोई और नहीं महात्मा गांधी थे।