कोरोना से जंग जीत चुके हैं तो भी बेफिक्र न हों। इसके वायरस का म्यूटेशन एक बार संक्रमित होकर ठीक हो चुके लोगों को दोबारा संक्रमित कर रहा है। दिल्ली, मुंबई और तेलंगाना के बाद जिले में भी ऐसे मरीज मिले हैं जिनको दोबारा संक्रमण हुआ है। विशेषज्ञों ने इस पर चिंता जताई है। इस पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज का माइक्रोबायोलॉजी विभाग होल जीनोम सिक्वेंसी के तहत शोध करेगा। शोध में यह देखा जाएगा कि दोबारा संक्रमण की वजह क्या रही? ठीक होने के बाद एंटीबॉडी कितने दिनों तक शरीर में रही है? साथ ही ऐसे मरीजों की प्रतिरोधक क्षमता का भी आंकलन किया जाएगा।