गोरखपुर वैक्सीन की कमी ने मंगलवार को कोविड टीकाकरण पर ब्रेक लगा दिया। तारामंडल, मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, झरना टोला जैसे केंद्रों पर सुबह वैक्सीन नहीं पहुंच सकी। इस कारण सैकड़ों लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। केवल 51 बूथों पर ही टीका लगाया गया। इनमें से भी कई बूथों पर दोपहर बाद वैक्सीन खत्म हो गई। इसके बाद घंटों लाइन में लगकर परेशान लोगों ने विरोध भी जताया। उनका कहना था कि यदि टीका कम था तो पहले ही बता दिया जाता है। इतनी देर तक लाइन में क्यों लगवाया गया?
वहीं, जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में मंगलवार को भी काफी लोग टीका लगवाने पहुंचे। दोनों जगहों के चारों बूथों पर लोगों को चार से पांच घंटे तक लाइन में लगने के बाद नंबर आया। इसके बावजूद कई लोगों को बिना टीका लगवाए लौटना पड़ा। भीड़, उमस और इंतजार की वजह से लोगों की आपस में ही बहस भी हुई। महिला अस्पताल में भीड़ की वजह से लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा।