उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। संक्रमण की दर बढ़ती जा रही है। बीते पांच माह के आंकड़ों पर गौर करें तो सबसे खराब हालात अगस्त माह में रहे हैं। जहां चार महीने में जिले में 2145 मरीज मिले थे। वहीं, केवल अगस्त माह में 7262 लोग संक्रमित हुए हैं। विभाग का मानना है कि संक्रमण की स्थिति सितंबर में भी कुछ ऐसी ही रहेगी। अगर लोग सचेत नहीं हुए तो केस बढ़ने तय हैं। हालांकि, विभाग का एक और तर्क है कि जैसे-जैसे जांचों की संख्या बढ़ेगी। वैसे-वैसे मरीजों की संख्या भी बढ़ती जाएगी।