फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम योगी ने प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र का किया लोकार्पण, बोले- मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन का बने केंद्र

Mon, 22 Mar 2021 11:06 AM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
विज्ञापन
1 of 9
सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोशिश होनी चाहिए कि प्रेक्षागृह मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धन का भी केंद्र बने। रामगढ़ताल के किनारे करीब 52 करोड़ की लागत से बने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र का सीएम योगी ने रविवार को लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि यह अत्याधुनिक प्रेक्षागृह कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात है। पिछली सरकारों के नकारात्मक सोच के कारण कला एवं संस्कृति प्रेमियों को प्रेक्षागृह के लिए चार दशक तक इंतजार करना पड़ा। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की अगले सप्ताह गोरखपुर की जनता को चिड़ियाघर भी समर्पित करेंगे।  

 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 9
गोरखपुर प्रेक्षागृह। - फोटो : अमर उजाला।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रेक्षागृह 19वीं सदी के साधक बाबा गंभीरनाथ को समर्पित है। बाबा ने अपनी साधना का लंबा समय गोरखपुर में गुजारा। गया में भी उन्होंने काफी समय गुजारा था। वह जब वीणा बजाते थे तो आसपास के साधक और जंगल के पशु-पक्षी वीणा सुनने में लीन हो जाते थे। अब इस सांस्कृतिक केंद्र को बाबा गंभीर नाथ को समर्पित करते हुए हर्ष हो रहा है। इस दौरान महापौर सीताराम जायसवाल, राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, नगर विधायक डॉ.राधा मोहनदास अग्रवाल, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विधायक विपिन सिंह, पुष्पदंत जैन, धर्मेंद्र सिंह, प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम आदि मौजूद रहे।

 
विज्ञापन

3 of 9
रंगमंच। (फाइल फोटो) - फोटो : Amar Ujala
चार दशकों से कलाकार कर रहे थे संघर्ष
सीएम ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच के लिए पिछले चार दशक से कलाकारों द्वारा संघर्ष किया जा रहा था। बतौर सांसद 1998 से 2017 तक इसकी मांग मुझे मिलती थी। इसका मुद्दा संसद में भी उठाया। आज लोकार्पण कर अपार हर्ष हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह ने 1985 में प्रेक्षागृह का शिलान्यास किया था, लेकिन सरकारों के नकारात्मक सोच के चलते प्रेक्षागृह खंडहर हो गया। उस जमीन पर कब्जे की कोशिश भी हुई। हमने उससे अच्छी जगह पर प्रेक्षागृह बनवाया है।

 

4 of 9
गोरखपुर प्रेक्षागृह। - फोटो : अमर उजाला।
रंगाश्रम के संघर्षों को किया याद, कहा-बरगद के पेड़ के नीचे होता था नाटक
मुख्यमंत्री ने प्रेक्षागृह के संघर्ष के लिए रंगाश्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि रंगकर्मी केसी सेन के नेतृत्व में कलाकारों ने बरगद के पेड़ के नीचे वर्षों तक रंगांदोलन किया। गर्मी, सर्दी या बारिश हो कभी उनका नाटक नहीं रुका। कभी प्रेमचंद तो कभी समसामयिक विषयों पर नाटक का मंचन कर रंगाश्रम ने संदेश दिया है। अब रंगाश्रम को मंच मिल रहा है। बेहतर नाटक तैयार कर मंचन करें।

 
विज्ञापन

5 of 9
सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला।
सुविधाओं को बरकरार रखने की जिम्मेदारी जनता की
सीएम ने कहा कि सरकार सिर्फ सुविधाएं दे सकती है। इन सुविधाओं को बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि लोग इसे अपना समझें। जहां-तहां थूकने और कुर्सियां आदि उखाड़ने जैसे काम नहीं होने चाहिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित संस्कृति विभाग की पुस्तिका का विमोचन भी किया।

 
विज्ञापन

6 of 9
गोरखपुर खाद कारखाना। - फोटो : अमर उजाला।
जुलाई में होगा खाद कारखाने का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई में खाद कारखाना का लोकार्पण होगा। इससे रोजगार और किसानों को सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेरे लिए इंसेफेलाइटिस सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं था, जीवन-मरण का मुद्दा था। केंद्र और राज्य सकार के सहयोग से इंसेफेलाइटिस के खात्मे को लेकर समाधान निकाला गया। मेडिकल कॉलेज में सुविधाएं बढ़ाईं गईं। जबकि पिछली सरकारों ने जर्जर हो चुके बीआरडी मेडिकल कॉलेज को बेचने की कोशिश की थी।  

 
विज्ञापन

7 of 9
रामगढ़ताल। - फोटो : अमर उजाला।
कभी अपराध का केंद्र बन गया था रामगढ़ताल इलाका, आज होती है शूटिंग
योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के नकारात्मक सोच से रामगढ़ताल का इलाका अपराध का केंद्र बना हुआ था। हत्या कर लाशें फेंक दी जाती थीं। अब लोग बोटिंग करने जा रहे हैं। रवि किशन शूटिंग करते हैं। कालीबाड़ी के महंत मुहूर्त कर रहे हैं। रामगढ़ताल पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स का केंद्र बन रहा है।

गोरखवाणी में जिंदगी का सार
मुख्यमंत्री ने गोरखवाणी को स्वर देने के लिए लोकगायक राकेश श्रीवास्तव को शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि आचार्य रजनीश के प्रवचन का मूल गोरखवाणी थी। गोरखवाणी में जिंदगी का सार निहित है।

 

8 of 9
भाजपा सांसद रवि किशन। - फोटो : अमर उजाला।
शूटिंग स्पॉट बन रहा है उत्तरप्रदेश, 80 फिल्मों की हो रही शूटिंग :  रवि किशन
सांसद रवि किशन ने कहा कि उत्तरप्रदेश फिल्मों की शूटिंग का स्पॉट बन रहा है। अभी 80 फिल्मों की शूटिंग हो रही है। हाल ही में अक्षय कुमार ने रामसेतु फिल्म के लिए अयोध्या में शूटिंग की। गोरखपुर में भी कई स्थानों पर शूटिंग हो रही है। एक फिल्म की शूटिंग से उस इलाके में करीब एक करोड़ रुपये का कारोबार होता है। कहा कि प्रेक्षागृह कलाकारों के लिए पवित्र स्थान है। मुख्यमंत्री ने यह सौगात दी है। ऐसे में सांस्कृतिक कला प्रेमियों का दायित्व बनता है कि इस मंच के जरिए नया मुकाम हासिल करें।

 
विज्ञापन

9 of 9
नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल। - फोटो : अमर उजाला
यूपी का सर्वांगीण विकास : आरएमडी
नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रेक्षागृह का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया वह वर्ष 2017 से पूर्व असंभव था, लेकिन प्रदेश में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने कलाकारों की मांग को साकार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रेक्षागृह के अनुरक्षण कार्यों पर निरंतर निगरानी रखते हुए उसकी गुणवत्ता को बनाए रखा जाएगा।

सभागार में बैठ सकते हैं 1076 लोग
प्रेक्षागृह के मुख्य सभागार में 1076 लोग बैठ सकते हैं। एक छोटा प्रेक्षागृह भी बनाया गया है, जिसमें 250 लोगों की बैठने की क्षमता है। इसके साथ ही अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, कांफ्रेंस हाल के साथ पार्किंग, कैंटीन, पुस्तकालय आदि की सुविधाएं भी हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें