क्रिसमस को लेकर शहर के सभी गिरजाघरों की रौनक देखने लायक थी। रोशनी से सभी गिरजाघर जगमग हो रहे थे। सतरंगी विद्युत झालरों से सजे चर्च, घर और पेड़-पौधे अलग ही आभा बिखेर रहे थे। पूजा-प्रार्थना से माहौल भक्तिमय बन गया था। मध्य रात्रि 12 बजते ही प्रेम, क्षमा, शांति व सेवा का संदेश देने वाले प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कैरल गीत गाये गए, पटाखे फूटे, केक काटा गया और माहौल में गूंज उठा 'मेरा प्रभु जन्मा, प्यारा प्रभु जन्मा' इसके बाद सभी ने एक-दूसरे से को मेरी क्रिसमस, हैप्पी क्रिसमस कहकर पर्व की बधाई दी।
विज्ञापन
2 of 7
Christmas Day 2020
- फोटो : अमर उजाला।
देर रात शहर के सभी गिरजाघरों में मिस्सा बलिदान पूजा व विशेष प्रार्थना सभाएं हुईं। कोविड-19 के गाइडलाइन के पालन करते हुए मसीह समाज के लोगों ने भाग लिया और प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। डायसिस ऑफ लखनऊ सीएनआई के गिरजाघरों में रात 11 बजे विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। सेंट जॉन चर्च बशारतपुर में आयोजित प्रार्थना सभा में मसीह समाज के लोग शामिल हुए।
विज्ञापन
3 of 7
Christmas Day 2020
- फोटो : अमर उजाला।
आराधना का आरंभ पवित्र बाइबल के एक अंश के पाठ से हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सस्वर मेरा प्रभु जन्मा प्यारा प्रभु जन्मा गीत गाया। युवाओं द्वारा अनेक एकल समूह गायन प्रस्तुत किए गए। गिरजाघर के पुरोहित रोशन लाल ने कहा कि हमें यह खुशी है कि प्रभु यीशु दुनिया में उद्धारकर्ता बनकर आए। दूसरे के पापों की कीमत खुद कष्ट सहकर अदा की। क्राइस्ट चर्च शास्त्री चौक के पुरोहित रेव्ह डीआर लाल ने विशेष प्रार्थना कराई। इसी तरह सेंट थॉमस चर्च धर्मपुर के पुरोहित संजय विसेंट, प्रेयर हॉल राप्तीनगर, सेंट मार्क चर्च पादरी बाजार, सेंट एंड्रयूज चर्च कौवा बाग, फुल गोस्पेल चर्च मोती पोखरा में पॉस्टर एबीएस लाल, पीस टर्बिनिकल चर्च मयूर विहार के पुरोहित लविंग मुरार के नेतृत्व में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।
4 of 7
Christmas Day 2020
- फोटो : अमर उजाला।
सेंट जोसेफ महागिरजाघर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
सेंट जोसेफ चर्च में रात 9.15 बजे पूजा शुरू हुई। 9.30 बजे मिस्सा बलिदान का आयोजन किया गया। विशेष प्रार्थना सभा मुख्य याजक बिशप डोमिनिक कोकट ने पवित्र शास्त्र बाइबल का पाठ किया। पूजा के बाद गौशाला में झांकी के सामने गोरखपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. थॉमस थूरूथीमट्टंम ने मोमबत्ती जलाई। केक काटा और सभी में वितरित किया। चर्च के पल्ली पुरोहित फादर ग्रेगरी ने प्रभु जन्म पर प्रकाश डाला। इस मौके पर फादर अब्राहम, फादर पोली, फादर जेरोम, फादर बेनी, फादर रोजर आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
5 of 7
Christmas Day 2020
- फोटो : अमर उजाला।
क्रिसमस कार्ड की परंपरा खत्म
एक वक्त था जब लोग बाजारों से क्रिसमस कार्ड खरीदते थे। इसे वह अपने दोस्त और रिश्तेदारों को भेजकर क्रिसमस की शुभकामनाएं देते थे। लेकिन अब क्रिसमस कार्ड की जगह मोबाइल फोन ने ले ली है। क्रिसमस कार्ड सबसे पहले विलियम एगले द्वारा 1842 में भेजा गया था। जब यह कार्ड महारानी विक्टोरिया को दिखाया गया तो उन्होंने खुश होकर क्रिसमस कार्ड बनाने के लिए कहा था। तभी से क्रिसमस कार्डों की शुरुआत हुई। लेकिन अब इन कार्डों की जगह मोबाइल और कंप्यूटर पर चलने वाले सोशल मीडिया ने ले ली है। रात के 12 बजते ही लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से क्रिसमस की बधाई दी।
विज्ञापन
6 of 7
Christmas Day 2020
- फोटो : अमर उजाला।
आकर्षण का केंद्र रही झांकियां
बृहस्पतिवार को गिरजाघर सहित मसीही समुदाय के घरों में उत्साह, उल्लास का माहौल रहा। केक बनाकर सारी तैयारियां कर श्रद्धालु गिरजाघर पहुंचे और प्रभु की आराधना की। शहर के सभी गिरजाघर और मसीही समुदाय के घरों में प्रभु जन्म स्थान गौशाला की आकर्षक झांकी सजाई गई। सेंट जोसेफ में प्रभु यीशु की मूर्ति को सजाया गया। मां मरियम के गोद में प्रभु यीशु, आसपास महलों के दृश्य सभी को आकर्षित कर रहे थे। इसी तरह सेंट एंथनी चर्च लिटिल फ्लावर प्रभु के जन्म की झांकी सजाई गई थी। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में क्रिसमस ट्री लगाया और उसे विद्युत झालरों से सजाया। पूजा के बाद लोगों ने गिफ्ट बांटे, बच्चों को कैंडी, टॉफी सेंटा क्लाज के कपड़े और टोपी गिफ्ट दी।
क्रिसमस की दी बधाई
सेंट जोसेफ स्कूल, खोराबार में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर क्रिसमस सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान बच्चों और शिक्षकों ने क्रिसमस झांकी और कैरल गाकर प्रभु यीशु के चरणों में श्रद्धा निवेदित की। प्रधानाचार्य फादर सीबी जोसेफ ने पूरे विद्यालय परिवार के लोगों को क्रिसमस की बधाई दी।