तमिलानाडु के कुन्नूर में क्रैश हुए सैन्य हेलिकॉप्टर में देवरिया जिले के रुद्रपुर के कंहौली गांव निवासी भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की सलामती के लिए क्षेत्र के लोग दुआ मांग रहे हैं। बुधवार की शाम को क्षेत्र में शौर्य चक्र विजेता वरुण सिंह के घायल होने की सूचना पर लोग स्तब्ध हो गए। उनकी सलामती के लिए लोगों ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पर रुद्राभिषेक किया। पंडित शेषनाथ पांडेय के नेतृत्व में लोग जप करने लगे। क्षेत्र के खोरमा, कन्हौली, गाजीपुर भैसही, नगवा, पचमा आदि गांवों में लोग अनुष्ठान करने लगे। गाजीपुर भैसही गांव के मुस्लिमों ने भी कैप्टन वरुण सिंह की सलामती की दुआ मांगी। स्कूलों में छात्रों ने उनके स्वस्थ होने की कामना की।
वरुण सिंह के चाचा पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार रात में उनका ऑपरेशन सफल रहा। अभी आईसीयू में रखा गया है। गुरुवार की शाम उन्हें बेंगलुरु सेना के अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। लोगों की दुआ का असर है कि उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।