हर किसी के लिए होली का त्योहार काफी खास होता है। इस दिन का इंतजार लोग सालभर करते हैं। होली के दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाते हैं, और होली की बधाई देते हैं। होली का त्योहार खासतौर पर ब्रज में काफी धूमधाम से मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि, ब्रज के मंदिरों में राधा-कृष्ण होली खेलते हैं। यही वजह है कि, खासतौर पर बरसाना, वृंदावन, मथुरा, नंदगांव के मंदिरों में अलग-अलग दिनों में होली धूमधाम से मनाई जाती है।
यहां होली की धूम इतनी होती है, कि लोग दूर-दूर से यहां होली मनाने आते हैं। अगर आप भी होली मथुरा में खेलने का प्लान बना रहे हैं, तो जाने से पहले कुछ बातों को जहन में बैठा लें। दरअसल, मथुरा में रंग से ही जमकर होली खेली जाती है। ऐसे में आपको अपनी त्वचा और बालों का खास ध्यान रखना पड़ेगा। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो हो सकता है कि इसका प्रभाव आपके बालों और त्वचा पर पड़े।