फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन में बोरियत मिटा देंगी क्राइम पर आधारित ये 10 वेब सीरीज, देखिए पूरी लिस्ट

Tue, 26 May 2020 03:39 AM IST
Mishra Mishra एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
टॉप 10 वेब सीरीज - फोटो : Social Media
कोरोना के कहर के चलते अब भी लॉकडाउन जारी है। कोरोना का असर सिनेमा पर भी पड़ा है और शूटिंग ठप पड़ गई है। घर पर लंबे वक्त तक खाली बैठने की वजह से लोग अब सोशल मीडिया से भी धीरे धीरे बोर होने लगे हैं। ऐसे में अगर आप भी इस ही लिस्ट में शामिल हैं तो आपकी इस बोरियत को मिटाने का इलाज हम आपको बताते हैं। अपने मोबाइल और टीवी पर आप ऐसी बेहतरीन इंडियन क्राइम वेब सीरीज देख सकते हैं जिससे आपका लॉकडाउन मस्ती में कट सकता है। तो चलिए आपको बताते हैं ऐसी 10 वेब सीरीज के बारे में जो आपको आसानी से नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, हॉटस्टार और वूट आदि पर मिल जाएंगी। 
विज्ञापन

2 of 11
पाताल लोक - फोटो : Amazon Prime Video
पाताल लोक: अमेजन प्राइम वीडियो

एक बड़े टीवी पत्रकार की कथित तौर पर हत्या करने निकले चार अपराधी स्पेशल सेल के निशाने पर होते हैं। चारों का जहां एनकाउंटर होना तय होता है वहां किसी टीवी चैनल की एक ओबी वैन खड़ी होती है। मामला उल्टा पड़ जाता है। स्पेशल सेल वाले नजदीकी थाने के निहायत गऊ टाइप इंस्पेक्टर को ये केस देकर मामला ‘क्लोज’ कर देना चाहते हैं। लेकिन गाय का अगर मूड न हो तो बड़े बड़े बाहुबली उसका दूध नहीं निकाल सकते। बस वैसा ही कुछ हाथीराम के साथ हो गया। साथी उसका इमरान अंसारी नाम का दरोगा है जो आईएएस की तैयारी में लगा है और नए हिंदुस्तान में बात बेबात अपने मुसलमान होने के ताने सुनता रहता है। तो हाथीराम को धुन सवार हो जाती है मामले की तह तक जाने की। वह चारों हमलावरों की हिस्ट्रीशीट खोजना शुरू करता है। और शुरू होती है हिस्ट्री बदलते भारत की। जयदीप अहलावत, नीरज कबी, अभिषेक बनर्जी, इश्वाक सिंह, निहारिका लायरा दत्त और आकाश जैसे कलाकारों से सजी ये वेब सीरीज आपको अंत तक बांधे रखेगी।
विज्ञापन

3 of 11
असुर - फोटो : Voot
असुर: वूट सेलेक्ट

इस वेब सीरीज को पौराणिक मान्यताओं को ध्यान रखकर आज के समय से जोड़ा गया है। यह कहानी फॉरेंसिक एक्सपर्ट से अध्यापक बने एक ऐसे इंसान की है, जिसे अपने कर्तव्य का पालन करने के लिए फिर से सीबीआई की मदद को अपने मूल में लौटना पड़ता है। उसका काम एक सीरियल किलर को पकड़ना है, जो उसके साथ चूहे और बिल्ली का खेल खेलता है। वूट सेलेक्ट पर देखी जा सकने वाली इस वेब सीरीज में अरशद वारसी, ऋद्धि डोगरा और बरुन सोबती मुख्य भूमिकाओं में हैं। 

4 of 11
स्पेशल ऑप्स - फोटो : सोशल मीडिया
स्पेशल ऑप्स: हाटस्टार

जासूसी पर आधारित फिल्में बनाने के लिए मशहूर निर्देशक नीरज पांडे की रची सीरीज स्पेशल ऑप्स आपको जरूर पसंद आएगी। नीरज ने शिवम नायर के साथ मिलकर इस सीरीज को बनाया है। इस सीरीज की कहानी अनुसंधान और विश्लेषण विंग के मुखिया हिम्मत सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है। वह भारत में हुए कई आतंकी हमलों में समानता खोजते हुए, अपनी टीम के साथ इन सभी हमलों के मास्टरमाइंड को पकड़ने की योजना बनाता है। इसकी कहानी दो दशक में आतंकवाद के खिलाफ की गई निगरानी के कार्यों से प्रेरित है। हॉटस्टार पर देखी जा सकने वाली इस सीरीज में के के मेनन, दिव्या दत्ता रेवती पिल्लई, करन टेकर और विपुल गुप्ता मुख्य भूमिका में हैं।
विज्ञापन

5 of 11
द फैमिली मैन - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
द फैमिली मैन: अमेजन प्राइम वीडियो

किसी भी विदेशी एक्शन थ्रिलर वेब सीरीज को टक्कर दे सकती है द फैमिली मैन। यह वेब सीरीज एक मध्यमवर्गीय परिवार के उस शख्स के बारे में हैं, जो रहस्यमयी तरीके से एक इंटेलिजेंस ऑफिसर का किरदार निभाता है। वह आतंकरोधी दस्ते का सदस्य है। उसका काम अपने राष्ट्र को आतंक से सुरक्षित रखना है। वह राष्ट्र को सुरक्षित रखने के साथ, अपने परिवार को भी उसी तरह से जोखिमों से बचाता है। राज निदिमोरू और कृष्णा डीके की बनाई इस सीरीज को अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है। मनोज बाजपेयी, प्रियमणि, शारिब हाशमी और श्रीकांत तिवारी आदि सीरीज की मुख्य भूमिकाओं में हैं।
विज्ञापन

6 of 11
होस्टेजेस - फोटो : Social Media
होस्टेजेस: हॉटस्टार

सुधीर मिश्रा द्वारा निर्देशित, यह क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज एक सर्जन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके परिवार को एक रात पहले बंधक बना लिया गया था, क्योंकि वह मुख्यमंत्री के एक ऑपरेशन में शामिल होने वाली है। टिस्का चोपड़ा, रोनित रॉय और परवीन डबास जैसे कलाकारों से सजी ये वेब सीरीज आपका भरपूर मनोरंजन करेगी। इसे आसानी से हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।
विज्ञापन

7 of 11
ब्रीद
ब्रीद: अमेजन प्राइम वीडियो

रहस्य, रोमांच और सनसनी की पहली लंबी लकीर खींचने वाली वेब सीरीज ब्रीद आपके अन्दर रोमांच पैदा कर देगी। यह थ्रिलर ड्रामा सीरीज असाधारण परिस्थितियों का सामना करने वाले साधारण आदमी के जीवन के बारे में बताती है। सीरीज में एक क्राइम ब्रांच ऑफिसर कबीर है, जो अंगदान करने वाले लोगों की अचानक हुई मौत पर छानबीन करता है। उसका संदेह एक ऐसे व्यक्ति पर जाता है, जो अपने मरने वाले बेटे को बचाने के लिए दूसरे लोगों से कुछ अंगों को ट्रांसप्लांट करना चाहता है। इसके बाद कबीर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध हो जाता है। मयंक शर्मा के निर्देशन में बनी इस सीरीज में आर माधवन और अमित साध मुख्य भूमिका में हैं। 

8 of 11
दिल्ली क्राइम - फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली क्राइम: नेटफ्लिक्स

निर्भया केस पर आधारित वेब सीरीज दिल्ली क्राइम आपको उन बातों से रूबरू कराती है जिनसे आप अंजान हैं। कैसे कुछ ही दिनों पुलिस इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों तक पहुंचती है और कैसे इस केस की एक-एक परत खोलती है, ये सब कुछ आपको इस वेब सीरीज में देखने को मिलेगा। इसमें रसिका दुग्गल, आदिल हुसैन और शेफाली शाह ने जबरदस्त अभिनय किया है। 

9 of 11
क्रिमिनल जस्टिस - फोटो : सोशल मीडिया
क्रिमिनल जस्टिस: हॉटस्टार

सोचिए जो गुनाह आपने किया ही न हो और उसके लिए अदालत आपको सजा सुना दे तो क्या होगा। आपकी जिंदगी कैसी बदल जाएगी। आपका पूरा परिवार किन हालातों से गुजरेगा, इन सभी सवालों के जवाब आपको क्रिमिनल जस्टिस में मिल जाएंगे। विक्रांत मैस्सी, पंकज त्रिपाठी और जैकी श्रॉफ जैसे अभिनेताओं से सजी ये वेब सीरीज फुल पैसा वसूल है।

10 of 11
सेक्रेड गेम्स - फोटो : सोशल मीडिया
सेक्रेड गेम्स: नेटफ्लिक्स

सैफ अली खान और नवाजुद्दीन सिद्दीकी अभिनीत इस वेब सीरीज ने आते ही वेब सीरीज की दुनिया में धूम मचा दी थी। इस वेब सीरीज की दूसरा सीजन भी आ चुका है। हालांकि ये वेब सीरीज गालियों से भी भरपूर है लेकिन फिर भी अगर आपको इससे कोई दिक्कत ना हो तो ये इस समय के लिहाज से शानदार है। इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
विज्ञापन

11 of 11
Mirzapur season 2 - फोटो : Mumbai, Amar Ujala
मिर्जापुर: अमेजन प्राइम वीडियो

मिर्जापुर वेब सीरीज अब तक की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली वेब सीरीज में से एक है। इस वेब सीरीज में सभी कलाकारों का काम काफी पसंद किया गया था। पंकज त्रिपाठी अभिनीत इस वेब सीरीज में अली फजल, विक्रांत मैस्सी जैसे सितारे भी हैं। एक बाहुबली नेता और उसकी फौज में शामिल हुए दो नौजवानों की कहानी आपको जरूर पसंद आएगी। इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

दीपिका कक्कड़ ने मनाई पति शोएब के साथ ईद, तस्वीरें साझा कर लिखा- 'ईद मुबारक'
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें