मत किया कर ना सिद्धार्थ...क्यूं मुझे परेशान करता है..., तू 70 की हो जाएगी और मैं जिंदा रहा ना, तुझे कुछ भी परेशानी हो मुझे कॉल करना..ऐसी ही ना जानें कितनी अनगिनत प्यारी और खूबसूरत बातें थीं जो शहनाज और सिद्धार्थ ने बिग बॉस के घर में एक दूसरे से की थी। ये तो वो बातें थीं जो दर्शकों के सामने हुई थीं लेकिन कुछ ऐसे भी दिल के हाल रहे होंगे जो सिद्धार्थ और शहनाज ने आपस में साझा किए होंगे। सिद्धार्थ के गुजर जाने के बाद से लोग अभी भी इसी उलझन में हैं सिद्धार्थ और शहनाज का रिश्ता क्या था? क्या वो दोस्ती थी, प्यार था, मस्ती थी? और इन सबका जवाब शहनाज ने शो के दौरान ही दे दिया था जब उन्होंने कहा था- 'हम दोनों के बीच कुछ तो है, बस कुछ है'।
सिद्धार्थ के लिए शहनाज ने कहे थे ये आखिरी शब्द
इसी दोस्ती और प्यार के रिश्ते में बंधे सिद्धार्थ ने शहनाज से कई वादे किए थे और जब 2 सिंतबर को सिद्धार्थ सारे वादे तोड़कर चले गए तो शहनाज बेसुध हो गईं। जिस चेहरे को दर्शकों ने सिर्फ खिलखिलाते देखा था उस चेहरे पर बेबसी देखकर लोगों की आंखें भर आईं। अभिनेत्री संभावना सेठ ने एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे सिद्धार्थ के पार्थिव शरीर के पास शहनाज बदहवास हालत में बैठी थीं और उन्होंने आखिरी शब्द जो सिद्धार्थ से कहे वो थे- सिद्धार्थ मेरा बच्चा....।