इंडियन आइडल सीजन 12 के फिनाले का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। जैसे जैसे कार्यक्रम के विजेता को चुनने की घड़ी करीब आती जा रही है, शो का ग्लैमर भी हर एपिसोड के साथ बढ़ता जा रहा है। इस वीकएंड के एपिसोड की शूटिंग के दौरान संगीत की धुनों, मनोरंजन और शानदार टैलेंट की त्रिवेणी देखने को मिली। इस दौरान जज अनु मलिक, सोनू कक्कड़ और हिमेश रेशमिया के साथ होस्ट आदित्य नारायण और टॉप छह प्रतिभागियों की कोशिशें सामने आईं और साथ ही नजर आईं शूटिंग पर खास मेहमान बनकर पहुंची करिश्मा कपूर। शो के प्रतिभागियों ने इस बार शूटिंग के दौरान खुलकर गाने गाए और इसी दौरान करिश्मा ने अपनी मशहूर फिल्म 'दिल तो पागल है' का एक दिलचस्प किस्सा भी बताया। ये किस्सा जुड़ा उनके पहले इस फिल्म के लिए ना करने और फिर हां करने के फैसले से।
शूटिंग के दौरान इंडियन आइडल 12 के सेट पर करिश्मा कपूर ने खुलासा किया, "मुझे 'दिल तो पागल है' का ऑफर मिला तो पहले मुझे लगा कि यह एक डांस फिल्म है और फिर माधुरी दीक्षित के साथ काम करना? मैंने ही नहीं तमाम दूसरे कलाकारों भी ने यह कहते हुए इस रोल को मना कर दिया था कि कोई माधुरी दीक्षित के साथ कैसे डांस कर सकता है। शुरुआत में मैं इस रोल को स्वीकार करने से झिझक रही थी और मैंने भी मना कर दिया था। फिर आखिरकार यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा ने मुझे पूरी कहानी सुनाई। तब मेरी मां ने मुझसे कहा कि मुझे ये चुनौती लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि तुम माधुरी दीक्षित की बहुत बड़ी प्रशंसक हो और तुम्हें ये करना ही चाहिए। तुम कड़ी मेहनत करो और तुम्हें सफलता मिलेगी।"