शो 'इंडियन आइडल 12' के फिनाले का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। हाल ही में शो के होस्ट आदित्य नारायण ने फिनाले से जुड़ी कुछ बातें भी साझा की थी। इससे पहले खबर आई थी शो 'इंडियन आइडल 12' की पूरी टीम मुंबई आ गई है। कोरोना महामारी के चलते शो की शूटिंग बाहर की जा रही थी। मुंबई पहुंचते ही जजों ने बड़ा फैसला किया और शो के सभी सातों कंटेस्टेंट्स को सीधा उनके घर के लिए रवाना कर दिया था। अभी शो में पवनदीप राजन के अलावा अरुणिता कांजीलाल, मोहम्मद दानिश, शनमुखप्रिया, सायली कांबले और आशीष कुलकर्णी बचे हैं। सभी के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। ऐसे में मेकर्स ने सभी को घर भेज दिया है और लोगों से वोट देने की अपील करने को कहा है। अब खबर ये आ रही है कि कंटेस्टेंट मोहम्मद दानिश की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
दरअसल, सभी कंटेस्टेंट्स अपने घर पहुंचे हैं और इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। इसी कड़ी में जब दानिश घर पहुंचे तो उन पर लोगों ने जमकर प्यार लुटाया। शो के कंटेस्टेंट्स के स्वागत के वीडियोज और फोटोज सामने आए हैं। अपने स्वागत का वीडियो मोहम्मद दानिश ने अपने यूट्यूब अकाउंट से शेयर किया है।