बिग बॉस 15 आठवें हफ्ते के साथ ही एक बड़ा ही दिलचस्प मोड़ ले चुका है, क्योंकि वाइल्ड कार्ड रश्मि देसाई, देवोलीना भट्टाचार्जी और राखी सावंत के घर में आने के बाद गेम काफी रोमांचक हो चुका है। जहां एक तरफ घर में आते ही ये तीनों सदस्य वीआईपी मेंबर्स बन गए, तो वहीं शनिवार को सलमान खान ने घर के चारों वीआईपी मेंबर्स को ये मौका दिया कि वो घर में रह रहे पुराने सदस्यों को आईना दिखाए। एक तरफ जहां राखी ने एक-एक करके सभी घरवालों को उनके गेम का आईना दिखाया तो वहीं रश्मि देसाई और देवोलीना के निशाने पर आईं शमिता शेट्टी।
शमिता शेट्टी को बनाया निशाना
वीकेंड के वार में एक तरफ जहां सलमान खान घरवालों की क्लास लगाने के साथ-साथ उन्हें कुछ टास्क भी देते हैं तो वहीं दूसरी तरफ घर में आए मेहमान भी कई घरवालों के चेहरों से नकाब उतारते हैं। शनिवार के बाद एक बार फिर से शमिता शेट्टी को निशाना बनाते हुए नजर आए वीआईपी सदस्य देवोलीना और रश्मि देसाई। एक तरफ जहां देवोलीना ने कहा कि शमिता को हर वक्त कोई न कोई चाहिए जो उनके लिए खड़ा हो, तो वहीं रश्मि देसाई ने कहा कि दुनिया अच्छे कपड़े और अच्छी ज्वैलरी के आगे है।