बिग बॉस 15 अपने सातवें हफ्ते में पहुंच चुका है और घर में कई रिश्ते बदलते हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन छठे हफ्ते के खत्म होने के साथ जहां राकेश बापट और अफसाना खान घर से बेघर हो गए, तो वहीं अब रिपोर्ट्स की माने तो एक बार फिर से डॉनल बिष्ट बिग बॉस के घर में वाइल्ड कार्ड एंट्री के रूप में लौट सकती हैं। दरअसल शुरुआत के तीसरे हफ्ते में ही अभिनेत्री डॉनल बिष्ट को घरवालों के वोट्स के आधार पर घर से बेघर कर दिया गया था। हालांकि अब लगातार ये खबर जोरों पर है कि डॉनल बिष्ट एक बार फिर से घर में वाइल्ड कार्ड के रूप में लौट सकती हैं।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुईं डॉनल बिष्ट
डॉनल बिष्ट बिग बॉस को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रही हैं और उनके प्रशंसक एक बार फिर से उन्हें घर में वापस देखना चाहते हैं। एक यूजर ने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरी पसंदीदा बिग बॉस के घर में वापस आ रही हैं’। इसी के साथ हैश टैग डॉनल बिष्ट लिखा। लोग लगातार डॉनल की वापसी पर अपना समर्थन दिखा रहे हैं। इसी के साथ अब तक उनके लिए 30 हजार से ज्यादा लोग ट्वीट कर चुके हैं।