टेलीविजन के सबसे विवादित और चर्चित रियलिटी शोज में से एक बिग बॉस के 15वें सीजन में रोजाना कई ट्विस्ट एंड टर्न देखने को मिल रहे हैं। शो में हर दिन हो रहे लड़ाई- झगड़े दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर बिग बॉस द्वारा दिए जा रहे टास्क भी काफी मनोरंजक साबित हो रहे हैं। ऐसे में घर के सदस्य समय-समय पर बिग बॉस के दिए टास्क करते दिखाई देते हैं। बिग बॉस में हुई वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद से ही घर में वीआईपी बनाम नॉन वीआईपी का दंगल देखने को मिल रहा है। ऐसे में वीआईपी और नॉन वीआईपी सदस्यों के बीच जोरदार लड़ाई- झगड़े भी देखने को मिल रहे हैं।
यह शो जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे- वैसे सदस्यों के रिश्तो में कई तरह के मोड़ आते नजर आ रहे हैं। इन दिनों शो में कई सदस्यों के रिश्ते बनते और बिगड़ते दिख रहे हैं। इधर, घर के सदस्य एक- दूसरे की पसंद और नापसंद को लेकर भी भिड़ते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आज प्रसारित हुए एपिसोड में एक बार फिर घर में बवाल देखने को मिला। दरअसल, तेजस्वी के भिंडी फेंकने पर घर में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान राखी सावंत और देवोलीना भट्टाचार्जी तेजस्वी प्रकाश से लड़ती भी नजर आईं।