साल 2012 के पहले महीने के पहले हफ्ते की बात है, दिल्ली में अभिनेत्री पायल रोहतगी एक मॉल में एक महिला से कपड़े छीनते देखी गईं। तकरीबन इसी वक्त एक मॉल के फूड सेक्शन में अभिनेता राजेश खेरा दूसरों की प्लेट से खाना खाते पाए गए। उधर, मीलों दूर मुंबई में अभिनेता अभिनव शुक्ला एक मॉल में घास, फूस और लकड़ी से बने एक ऐसे ठीहे पर दिन पर टंगे रहे, जहां उनके लिए जरूरत का सामान पहुंचा पाना दूसरों के लिए चुनौती बन गया। धीरे धीरे मामला साफ हुआ कि ये सारी हरकतें इन लोगों ने एक टीवी रियलिटी शो के प्रचार के लिए की थीं, जिसका नाम था ‘सर्वाइवर इंडिया’। ये शो तब फिलीपींस में साल 2011 में शूट हुआ और इसका प्रसारण किया गया स्टार प्लस चैनल पर। 10 साल बाद ये शो फिर से भारत लौट रहा है। शो के निर्माण के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भारत में अब तो इस शो को रचने वाली मूल कंपनी का ऑफिस में भी खुल चुका है। लेकिन, इस शो का प्रसारण इस बार टेलीविजन की बजाय होगा एक देसी ओटीटी पर।