इस फिल्म से किया बॉलीवुड में डेब्यू
प्रकाश राज ने साल 2002 में आई फिल्म ‘शक्ति: द पावर’ से डेब्यू किया। इस फिल्म में अभिनेता ने एक शॉर्प शूटर की भूमिका निभाई। इसके बाद वह राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘खाकी’ में साल 2004 में नजर आए। अभिनेता ने फिल्म में एसीपी श्रीकांत नायडू की भूमिका अदा की। वह इस फिल्म में एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आए।
प्रकाश राज से जुड़ी दिलचस्प बातें
- फोटो : अमर उजाला
इन फिल्मों में बने खतरनाक खलनायक
प्रकाश राज अपने विलेन की भूमिका के लिए जाने जाते हैं, लेकिन बॉलीवुड की कुछ फिल्मों में उन्होंने खतरनाक खलनायक की भूमिका निभाई है।
वॉन्टेड
वह सलमान खान की फिल्म ‘वॉन्टेड’ में मेन विलेन के रूप में नजर आए। उनके इस किरदार को हिंदी पट्टी के दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी फिल्म से उन्हें हिंदी भाषी क्षेत्र में व्यापक पहचान मिलनी शुरू हुई।
बुड्ढा होगा तेरा बाप
अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’ में भी प्रकाश राज एक खलनायक की भूमिका में नजर आए। इस फिल्म में वह गैंगस्टर कबीर भाई की भूमिका में दिखें।
सिंघम
अजय देवगन की फिल्म ‘सिंघम’ ने प्रकाश राज को हिंदी पट्टी में और भी मजबूत कर दिया। जयकांत शिकरे का किरदार निभाकर वह हिंदी पट्टी में बच्चे-बच्चे की जुबान पर आ गए। इस फिल्म में उनकी अदाकारी को दर्शकों और समीक्षकों द्वारा खूब सराहा गया।
दबंग 2
‘सिंघम’ के बाद प्रकाश राज ने सलमान खान की ‘दबंग 2’ में नजर आए। इस फिल्म में भी उन्होंने खतरनाक खलनायक की भूमिका अदा की। राजनेता बच्चा सिंह के किरदार में उन्होंने जान फूंकते हुए उन्होंने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया।
सिंह साब दी ग्रेट
प्रकाश राज ने सनी देओल की फिल्म ‘सिंह साब दी ग्रेट’ में भूदेव सिंह का किरदार निभाया, जो एक क्रूर और भ्रष्ट राजनेता होता है। प्रकाश राज ने इस फिल्म में एक ताकतवर और प्रभावशाली विलेन की भूमिका निभाई, जो कहानी में हीरो के सामने एक बड़ा चैलेंज खड़ा करता है। उनकी दमदार डायलॉग डिलीवरी और एक्टिंग ने फिल्म को और भी प्रभावशाली बना दिया।
पुलिसगिरी
संजय दत्त की ‘पुलिसगिरी’ में भी प्रकाश राज ने मुख्य खलनायक की भूमिका निभाई। उन्होंने नागोरी सुलेमान नामक किरदार निभाया, जो एक ताकतवर और भ्रष्ट गैंगस्टर होता है।
मिल्खा सिंह की बायोपिक में निभाई सख्त ऑफिसर की भूमिका
प्रकाश राज ने मिल्खा सिंह की बायोपिक ‘भाग मिल्खा भाग’ में सहायक भूमिका निभाई। वह एक सख्त आर्मी ऑफिसर के किरदार में नजर आए। इस बार उन्होंने विलेन का किरदार छोड़कर कुछ नया प्रयोग किया था। उनका रोल भले ही छोटा रहा हो, लेकिन वह काफी प्रभावशाली था।
बॉलीवुड की इन फिल्मों में बने कॉमेडी वाले विलेन
साउथ की ज्यादातर फिल्मों में प्रकाश राज कॉमेडी वाले विलेन की भूमिका अदा की है। यह उनकी खूबी भी है या यूं कह लें कि दक्षिण भारतीय फिल्मों में इस तरह के विलेन को ज्यादा पसंद किया जाता है। कुछ इस तरह की ही भूमिका उन्होंने बॉलीवुड की कुछ शानदार फिल्मों में निभाया है।
एंटरटेनमेंट
अक्षय कुमार की फिल्म ‘एंटरटेनमेंट’ में प्रकाश राज कॉमेडी वाले विलेन की भूमिका अदा करते हुए नजर आए। उन्होंने फिल्म में अपनी कॉमिक टाइमिंग से एक नया फ्लेवर जोड़ा और कॉमेडी के मामले में भी अक्षय कुमार को कड़ी टक्कर दी। इस फिल्म में सोनू सूद ने उनके छोटे भाई के किरदार में साथ दिया। दोनों की केमिस्ट्री पर दर्शकों ने खूब ठहाके लगाए। खैर, विलेन को विलेन ही होता है, वह चाहे जितना हंसा ले।
गोलमाल अगेन
रोहित शेट्टी की गोलमाल फ्रेंचाइजी में प्रकाश राज ने कॉमेडी वाले विलेन के तौर पर ‘गोलमाल अगेन’ से एंट्री ली। वह वासु रेड्डी के किरदार में नजर आए। इस फिल्म में वह मुख्य विलेन बने नील नितिन मुकेश की मदद करते हुए दिखे। एक बार फिर उन्होंने अपनी कॉमेडी से यह सिद्ध कर दिया कि वह गंभीर किरदारों के अलावा वह कॉमेडी में भी माहिर हैं।
इस फिल्म में बने सख्त पिता
साल 2014 में रिलीज हुई टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘हीरोपंती’ में प्रकाश राज ने सख्त पिता की भूमिका अदा की। इस फिल्म में भी उनकी खलनायकी की झलक मिली, लेकिन बाद में उनका दिल बदल जाता है।
इन फिल्मों में भी आए नजर
हाल ही में प्रकाश राज ‘अटैक पार्ट 1’ में नजर आएं। इसके अलावा वह शॉर्ट, मुंबई मिरर, जंजीर और रज्जो जैसी फिल्मों में भी अपनी भूमिका अदा कर चुके हैं।