Movie Review: शुभ मंगल ज्यादा सावधान
कलाकार: आयुष्मान खुराना, जितेंद्र कुमार, गजराज राव, नीना गुप्ता, मनु ऋषि चड्ढा, सुनीता, मानवी, पंखुड़ी आदि
निर्देशक: हितेश केवल्या
निर्माता: आनंद एल राय, भूषण कुमार, हिमांशु शर्मा
रेटिंग: ***
हिंदी सिनेमा में शुभ मंगल ज्यादा सावधान कई मायनों में एक नई लीक बनाने वाली फिल्म है। समलैंगिक रिश्ते हिंदी सिनेमा में पहले भी फायर, कपूर एंड संस, माई ब्रदर निखिल, अलीगढ़ और एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा जैसी फिल्मों में दर्शक देख चुके हैं। लेकिन, यहां किरदार किसी तरह के अपराधबोध से ग्रसित नहीं हैं। फिल्म हास्य से ज्यादा व्यंग्य परोसती है और ये व्यंग्य मुख्य कलाकारों को साथी कलाकारों से मिलने वाली प्रतिक्रिया से उपजता है। आयुष्मान खुराना की अब तक की फिल्मों के हिट होने के पीछे एक बड़ा कारक युवाओं का उनके प्रति लगाव रहा है और इस लगाव को परखने की कसौटी है उनकी नई फिल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान।