डिजिटल रिव्यू: पंचायत (वेब सीरीज)
कलाकार: रघुवीर यादव, नीना गुप्ता, जितेंद्र कुमार, चंदन रॉय, फैसल मलिक, पूजा सिंह आदि।
निर्देशक: दीपक कुमार मिश्र
सृजनकर्ता: टीवीएफ
ओटीटी: प्राइम वीडियो
रेटिंग: ****
तो पिछले छह साल में देश का कितना ‘विकास’ हुआ भला, कितने गांव खुले से शौच में मुक्त हुए, कितने घरों में चूल्हे के बदले गैस पहुंच गई और कितनी महिला जनप्रतिनिधियों को वाकई इस समाज और इस लोकतंत्र ने उनके उसी रूप में अपना लिया, जिस रूप में वह महिला सशक्तीकरण के नाम पर सीटें आरक्षित होने से पहले थीं? सवाल बहुत भारी हैं। लेकिन, क्विंटल और टन के जमाने में टीवीएफ की नई वेब सीरीज पंचायत आपको ले चलती है उधर, जहां पूजा का कपड़ा आज भी गज भर लगता है और जहां बारात में पूड़ी आज भी पसेरी भर आटा के हिसाब से बनती है।