निर्माताः वायकॉम18/संजय लीला भंसाली
निर्देशकः संजय लीला भंसाली
सितारेः दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर, रणवीर सिंह, अदिति राव हैदरी, जिम सारभ
रेटिंग **
पद्मावत रिव्यू: संजय लीला भंसाली ने चित्तौड़ की रानी पद्मावती की कहानी को इतिहास के आईने में देखते हुए अपने ढंग से रचने की कोशिश की थी लेकिन चौतरफा विरोध ने उन्हें किंवदंतियों की आड़ लेने को मजबूर कर दिया। इसका परिणाम फिल्म में साफ दिखता है। तकनीकी रूप से मजबूत होने के बावजूद पद्मावत का कथानक किसी से न्याय नहीं कर पाता। न इतिहास से, न किंवदंतियों से और न मिथकों से। इन सबके मिलने से बने मुरब्बे में खुद भंसाली अपनी प्रतिभा से न्याय नहीं कर पाए और जो फिल्म सामने आती है वह निराश करती है। कंप्यूटरग्राफिक्स वाले जंगल और जानवरों के शिकार के बीच कहानी अफगानिस्तान और सिंहल द्वीप से शुरू होती हुई चित्तौड़ तथा दिल्ली तक आती है।