फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइस्कोप: ‘काका’ के चलते विनोद खन्ना ने नहीं किए डिंपल के साथ इंटीमेट सीन, जैकी की बेस्ट एक्टिंग

विज्ञापन
1 of 7
काश - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
जैकी श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया स्टारर फिल्म ‘काश’ अपने आप में एक अलग ही फिल्म है। महेश भट्ट की कोई दर्जन भर फिल्में ऐसी हैं जो तराजू के एक पलड़े पर रख दी जाएं तो भी ‘काश’ से हल्की ही रहेंगी। कहा तो यही जाता है कि असल जिंदगियों की कहानियों को परदे पर उतारने के शौकीन रहे महेश भट्ट ने इस कहानी का आइडिया सुपरस्टार राजेश खन्ना की जिंदगी से उड़ाया था। और, उनके अवसान के दिनों पर ही वह यह फिल्म भी बनाना चाह रहे थे लेकिन इस फिल्म में आपको हॉलीवुड फिल्म ‘क्रेमर वर्सेज क्रेमर’ का छौंका भी दिख जाएगा जिसपर बाद में मंसूर खान ने फिल्म ‘अकेले हम अकेले तुम’ बनाई। करियर की शुरुआत में ही विनोद खन्ना को लेकर फिल्म ‘लहू के दो रंग’ बना चुके महेश भट्ट फिल्म ‘काश’ में भी विनोद खन्ना को ही लीड किरदार के तौर पर लेना चाहते थे लेकिन विनोद खन्ना ने जब ये कहानी सुनी और फिल्म के नायक व नायिका के बीच प्रस्तावित कुछ सीन्स सुने तो राजेश खन्ना के सम्मान में उन्होंने ये फिल्म नहीं की। 4 सितंबर 1987 को रिलीज हुई फिल्म ‘काश’ हमारे आज के बाइस्कोप की फिल्म है, जिसका किशोर कुमार का गाया गाना ‘बाद मुद्दत के हम तुम मिले, मुड़के देखा तो थे फासले...’ उस साल का सबसे हिट गाना बना और फिल्म ‘काश’ के रिलीज होने के अगले ही महीने किशोर कुमार चल बसे। यादें, वादे, आवाजें, देते न काश..!

बाइस्कोप: जब ‘रंगबाज’ अनिल कपूर ने बदली शबाना आजमी की पहली धारणा, ‘एक बार कहो’ के पूरे हुए 40 साल

विज्ञापन

2 of 7
काश - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
मृत्यु से पहले के जीवन पर बनी फिल्म
हिंदी सिनेमा में फिल्मों के तमाम फॉर्मूले रहे हैं। वैसे ही जैसे कहानियां लिखने वाले मानते हैं कि पूरी दुनिया की सारी कहानियों का वर्गीकरण कुछ तय खांचों में किया जा सकता है। बात में कुछ कुछ दम भी लगता है जैसे कि इनमें से एक फॉर्मूला है तयशुदा मृत्यु से पहले का जीवन उल्लास के साथ जीना। देखने में ये एक विरोधाभासी अलंकार है, मृत्यु और उल्लास। आमतौर पर तो मृत्यु का तो शोक मनाया जाता है और पता चल जाए कि किसी व्यक्ति की मृत्यु आसन्न है तो फिर तो पूरा गली मोहल्ला पहले से शोक मनाने लगता है। लेकिन, ऋषिकेश मुखर्जी के ‘आनंद’ ने कहानी का ये क्षेपक बदल दिया। इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा का एक ऐसा नायक दिया जिसे अपनी निश्चित मृत्यु के बारे में पता है लेकिन वह जितने दिन भी जीना चाहता है, खुलकर खिलखिलाकर जीना चाहता है और कहता है, ‘बाबूमोशाय! जिंदगी लंबी नहीं बड़ी होनी चाहिए..!’ यहां फिल्म ‘काश’ में मृत्यु दो जीवनों के बीच सेतु का काम करती है। जो परिवार में सबसे छोटा है, उसे सबसे पहले जाना है, ये तय होने के बाद जो कुछ फिल्म में होता है, वही इसका असली मर्म है। जैकी श्रॉफ और डिंपल का सादगी भरा बेहतरीन अभिनय है और इन दोनों के बेटे बने मास्टर मकरंद का चेहरा देखकर कलेजा अपने आप मुंह को आने लगता है।

पढ़ें: बाइस्कोप: अमिताभ को इस फिल्म में लगा शत्रुघ्न सिन्हा की शोहरत से डर, लता मंगेशकर को देनी पड़ी धमकी
विज्ञापन

3 of 7
प्रीतीश नंदी का लेख - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
जब प्रीतीश नंदी ने तबीयत से धोया भट्ट को
फिल्म ‘काश’ जब रिलीज हुई तो तब अंग्रेजी पत्रिका ‘इलस्ट्रेटेड वीकली’ के संपादक प्रीतीश नंदी ने इस पर ‘एडीटर्स च्वाइस’ नाम के अपने कॉलम में महेश भट्ट को तबीयत से लपेटा। इस कॉलम की एक श्वेत श्याम कॉपी यहां दी गई फोटो की शक्ल में। मैं आपके लिए इसे तलाश लाया हूं। इस आलेख में प्रीतीश नंदी बताते हैं कि फिल्म तो बहुत अच्छी नहीं है लेकिन फिर भी वह फिल्म देखने की सिफारिश करते हैं सिर्फ जैकी श्रॉफ और डिंपल के अभिनय के नाम पर। प्रीतीश नंदी ने अपने इस कॉलम में महेश भट्ट को इतनी तबीयत से धोया है जितना फिल्म ‘सड़क 2’ के रिलीज होने के बाद भी वह नहीं धोए गए हैं। प्रीतीश नंदी ने छोड़ा इसमें अनुपम खेर को भी नहीं है। वह लिखते हैं, ‘अनुपम इस तरह के किरदार करके हाराकिरी कर रहे हैं और अगर ऐसा उन्होंने किसी और के कहने पर किया है तो फिर तो ये मर्डर है।’ गुस्सा ये फिल्म देखने के बाद अनुपम खेर को भी बहुत आया और उन्होंने इसे प्रकट भी किया। वह ये मानकर चल रहे थे कि फिल्म ‘काश’ में वह समानांतर नायक की भूमिका में हैं लेकिन महेश भट्ट ने जब फिल्म एडिट की तो अपनी ही इस खोज को फिल्म में हाशिये पर पहुंचा दिया। ऐन मौके पर अपने करीबियों को इस तरह के दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले ‘सरप्राइज’ देने की महेश भट्ट की बहुत पुरानी आदत रही है।

पढ़ें: बाइस्कोप: मोहम्मद रफी को इस फिल्म के लिए मिला इकलौता नेशनल अवार्ड, ऋषि और जीनत की फिर नहीं बनी जोड़ी

4 of 7
काश - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
‘आशिकी’ के पहले का महेश भट्ट
जैसा कि मैंने पहले भी लिखा कि फिल्म ‘काश’ मृत्यु से पहले के उल्लास की कहानियां कहने वाले सिनेमा की एक कड़ी है। लेकिन, ऐसी फिल्मों में अक्सर फिल्म के निर्देशक या फिर इसके लेखक पूरे मामले को ‘कल हो ना हो’ जैसा फिल्मी बना देते हैं। हिंदी सिनेमा में ऐसी फिल्में गिनती की है जिनमें मृत्यु जैसे विषय ने संवेदनशीलता के साथ विस्तार पाया हो। जब भी ऐसी उम्दा फिल्मों की गिनती होती है तो गिनती ऋषिकेश मुखर्जी की ‘आनंद’ से शुरू होकर ‘मिली’ और ‘दर्द का रिश्ता’ तक आकर ही रुक जाती है। लेकिन, इस सूची से पहले की एक फिल्म असित सेन निर्देशित ‘सफर’ और इस सूची के बाद की एक फिल्म यानी महेश भट्ट निर्देशित ‘काश’ की भी इनमें चर्चा जरूरी है। महेश भट्ट के खाते में ऐसी कुछ चुनिंदा फिल्में दर्ज हैं जिन्हें देखकर देश के एक महत्वपूर्ण कालखंड के कौतुहल को करीब से समझा जा सकता है। उनकी फिल्मों ‘अर्थ’, ‘सारांश’ और ‘नाम’ की अगली कड़ी है  ‘काश’। इसके बाद उन्होंने ‘ठिकाना’, ‘कब्ज़ा’ और ‘आवारगी’ जैसी फिल्मों में उस वक्त के उभरते सुपरस्टार्स को बिल्कुल अलग तेवरों के साथ पेश करने में भी कामयाबी पाई। और, उसके बाद 1990 में आ गई ‘आशिकी’ जिसे महेश भट्ट ने इसके गानों को सुनने के बाद गुलशन कुमार से अपने लिए मांगा था। महेश भट्ट के सिनेमा पर जब भी कोई किताब लिखी जाएगी तो वह दो हिस्सों में बंटी होगी, एक ‘आशिकी’ से पहले का महेश भट्ट और दूसरा ‘आशिकी’ के बाद का महेश भट्ट।

पढ़ें: बाइस्कोप: पहली ही फिल्म में सलमान का इस बात को लेकर हो गया पंगा, हीरोइन ने इंडस्ट्री ही छोड़ दी
विज्ञापन

5 of 7
काश - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
कहानी चमक खोते सुपरस्टार की
फिल्म ‘काश’ की कहानी एक लोकप्रिय फिल्मस्टार रीतेश की कहानी है। अपनी पत्नी पूजा और सात साल के बेटे रोमी के साथ वह रईसों की जिंदगी जी रहा है। रीतेश का करियर फ्लॉप फिल्मों की वजह से डगमगाता है और खुद की बनाई फिल्मों भी फ्लॉप हो जाने के चलते उसके कर्ज चुकाने के लिए अपनी संपत्ति बेचनी होती है। सदमा बर्दाश्त न कर पाने के चलते रीतेश शराब खूब पीने लगता है और उसकी पत्नी पूजा घर संभालने के लिए नौकरी करने लगती है। रीतेश से ये बर्दाश्त नहीं होता। रोमी को कुछ समझ नहीं आता कि वह करे तो क्या करे। एक दिन पूजा के साथ बदतमीजी होती है और आलोक उसे बचा लेता है। आलोक चाहता है कि पूजा उसके साथ काम करे। वह उसे छोड़ने घर तक आता है तो रीतेश से ये देखा नहीं जाता वह घर या नौकरी में से किसी एक को चुनने की बात करता है। पूजा घर छोड़ देती है। दोनों के बीच रोमी को लेकर विवाद होता है और तभी पता चलता है कि रोमी के पास ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। फिल्म की कहानी यहां से एक ऐसा मोड़ लेती है कि इसके बाद की फिल्म देखने के लिए आप चुपचाप कुर्सी पर बैठे पर्दा ही निहारते रहते हैं।

पढ़ें: बाइस्कोप: जब जॉन की हेयरस्टाइल का जमाना हुआ दीवाना और अभिषेक ने रिमी सेन के साथ की ‘डर्टी डांसिंग’
विज्ञापन

6 of 7
काश - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
फारुक के इमोशनल गीत, राजेश का हिट संगीत
शायद कम लोगों को ही पता होगा कि फिल्म ‘काश’ के निर्माता मशहूर हास्य कलाकार महमूद के भाई अनवर थे। अनवर ने ये फिल्म अपने साथी एफ के रतनसी के साथ मिलकर बनाई। इससे पहले दोनों अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘खुद्दार’ भी बना चुके थे। फिल्म ‘काश’ में एक गाना महमूद ने भी गाया है। महेश भट्ट और महमूद ने एक साथ पहली बार इसी फिल्म में काम किया। फिल्म ‘काश’ का संगीत राजेश रोशन ने दिया है। ये जानना यहां दिलचस्प है कि राजेश रोशन को बतौर संगीतकार पहला ब्रेक महमूद ने ही अपनी फिल्म ‘कुंवारा बाप’ में दिया था। फिल्म में लीड रोल करने के अलावा महमूद ने ‘कुंवारा बाप’ को निर्देशित भी किया। फिल्म ‘काश’ के लिए जब महमूद गाना गाने रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुंचे तो प्लैबैक सिंगिंग की तकनीक में आई तब्दीली को देखकर भौंचक्के रह गए थे। फिल्म का एक और गाना उन दिनों बहुत ही ज्यादा हिट हुआ था, जिसे गाया था आशा भोसले और किशोर कुमार ने। फारुक कैसर के लिए इस गीत के बोल हैं, ‘छोटी सी है बात...कोई नहीं जाने..’

पढ़ें: बाइस्कोप: रेखा की नाक के नीचे से मौसमी ले उड़ीं ये रोल, समझिए क्यों जरूरी है बीवी को समय देते रहना

विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
काश - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
चलते चलते..
फिल्म ‘काश’ के बाद इसके निर्माताओं ने महेश भट्ट के साथ एक और फिल्म ‘कर्जदार’ की योजना भी बनाई थी। इस फिल्म के लिए महेश भट्ट ने विनोद खन्ना, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ से बात भी कर ली थी लेकिन फिल्म किन्हीं कारणों से बन नहीं सकी। पुराने वितरक बताते हैं कि फिल्म ‘काश’ में पहले जैकी श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया के कुछ अंतरंग दृश्य भी शूट किए गए थे लेकिन महेश भट्ट ने इसे पारिवारिक फिल्म बनाने के लिए वे दृश्य इसमें शामिल नहीं किए। फिल्म ‘काश’ लिखते समय ये फिल्म महेश भट्ट अपनी तब की प्रेमिका सोनी राजदान और नसीरुद्दीन शाह के साथ बनाना चाहते थे। नसीर ने पैसे बहुत मांग लिए और सोनी से महेश भट्ट ने 1986 में शादी कर ली। इसके बाद ‘काश’ एक बड़े बजट की फिल्म के तौर पर बनी। मशहूर अभिनेता अरशद वारसी फिल्म ‘काश’ की मेकिंग के दौरान महेश भट्ट के असिस्टेंट हुआ करते थे। फिल्म ‘ठिकाना’ में भी अरशद ने बतौर सहायक काम किया है। ये बात सन 1986 की है, इसके बाद 10 साल तक चले संघर्ष के बाद 1996 में अरशद को अपना पहला लीड रोल फिल्म ‘तेरे मेरे सपने’ में मिला। आज के बाइस्कोप में इतना ही, कल बात करेंगे एक और ओल्डी गोल्डी की..। सिलसिला जारी है।

पढ़ें: संडे बाइस्कोप: रेखा को इसलिए बुलाते थे ‘लेडी अमिताभ’, लेकिन साउथ के इस डायरेक्टर पर नहीं चल सका जादू

(बाइस्कोप अमर उजाला डिजिटल का दैनिक कॉलम है जिसमें हम उस दिन रिलीज हुई किसी पुरानी फिल्म के बारे में चर्चा करते हैं।)
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें