फिल्म- जोश
- फोटो : सोशल मीडिया
गौरतलब बात यहां ये है कि फिल्म में शाहरुख और ऐश्वर्या जुड़वां भाई बहन बने। ऐश्वर्या जैसी आंखें शाहरुख की भी लगें, इसके लिए मंसूर खान ने शाहरुख को पूरी फिल्म में कॉन्टेक्ट लेंस पहनाए। डिंपल तो खैर दोनों के गालों पर कुदरती हैं ही। जोश के अलावा दूसरी फिल्मों में देखें तो देवदास में भी दोनों की मोहब्बत के सीन्स देखने को दोनों के चाहने वाले तरस गए और यही फिल्म मोहब्बतें में भी हुआ। तब शाहरुख ने कहा था कि अब हम दोनों तो स्कूल के बाहर ही मिल पाते हैं। इन दिनों हम अपने अपने बच्चों को पिकअप करने एक ही स्कूल के गेट पर खड़े होते हैं। शाहरुख और ऐश्वर्या आखिरी बार फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में साथ दिखे थे जिसमें ऐश्वर्या तो फिल्म में अहम किरदार कर रही थीं लेकिन शाहरुख ने सिर्फ उनके पति की मेहमान भूमिका ही निभाई थी।
वैसे शाहरुख को जितना दुख ऐश्वर्या राय का भाई बनने का होता है, अगर मंसूर खान की चली होती तो वह इससे बड़ा दुख किसी और अवार्ड फंक्शन में भी मनाते दिख सकते थे। कम लोगों को ही पता है कि ऐश्वर्या को ये रोल ऑफर करने से पहले मंसूर खान काजोल के पास गए थे और चाहते थे कि वह फिल्म में शाहरुख खान की बहन का रोल करें। काजोल तो इतना सुनते ही कुर्सी छोड़कर खड़ी हो गई थीं। वह बोलीं मुझसे मैक्स का रोल करवा लो, ये शिरले का रोल उनसे कतई नहीं होगा। फिल्म में एक समय पर रानी मुखर्जी को भी साइन कर लिया गया था, लेकिन जब आमिर खान ने फिल्म नहीं की तो रानी मुखर्जी ने भी फिल्म में काम करने से मना कर दिया। नहीं तो क्या पता ‘आती क्या खंडाला गाना’ आपको फिल्म गुलाम की बजाय इसी फिल्म में सुनाई देता। दरअसल, फिल्म जोश में जो गाना शाहरुख खान ने गाया है, वह गाना और आती क्या खंडाला दोनों गाने मंसूर खान के पास ही पहले आए थे और उन्हें दोनों में से कोई एक टपोरी गाना चुनना था। उन्होंने चुना, ‘अपुन बोला, तू मेरी लैला, वो बोली फैंकता है.....
फिल्म के संगीत के लिए मंसूर खान ने संगीतकार ए आर रहमान को भी मना लिया था, लेकिन जैसे जैसे मंसूर का ताश के पत्तों से बना महल बिखरता गया, उन्हें छोड़कर जाने वालों में एक नाम रहमान का भी जुड़ गया। ऐसे मौके पर अनु मलिक ने मंसूर की बहुत मदद की और शूटिंग से ठीक पहले फिल्म के सारे गाने तैयार करके उन्हें दिए। कुछ अनु मलिक के नाम की गर्मी और कुछ मंसूर खान की पिछली फिल्मों के म्यूजिक के शौकीनों की उम्मीदें, फिल्म के कोई 18 लाख के करीब कैसेट बिके और ये उस साल किसी फिल्म के कैसेट बिकने का रिकॉर्ड भी रहा।
पढ़ें: बाइस्कोप: सुधीर मिश्रा की इस फिल्म से मिली सत्या को असली सांसें, इम्तियाज के संवादों ने जमा दिया रंग