फिल्म- कुली नं. 1
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म कुली नंबर वन में गोविंदा अपने पूरे चुहलभरे अंदाज में नजर आए। करिश्मा कपूर के साथ उनकी जोड़ी खूब पसंद की गई। दोनों की जोड़ी पहली बार फिल्म राजा बाबू में साल 1994 में परदे पर दिखी और दोनों की केमिस्ट्री ऐसी जमी कि दोनों की लगातार छह फिल्में राजा बाबू, कुली नंबर वन, हीरो नंबर वन, हसीना मान जाएगी, साजन चले ससुराल और खुद्दार हिट रहीं। आखिरी दो फिल्में दर्शकों को थोड़ा कमजोर लगीं और इसके बाद रिलीज हुई चारों फिल्में शिकारी, मुकाबला, दुलारा और प्रेम शक्ति में दोनों का करिश्मा फीका पड़ गया। कुली नंबर वन अपनी अतरंगी सी कहानी और इसको पेश करने के डेविड धवन के तरीके के चलते लोगों को खूब पसंद आई। गोविंदा अच्छे खासे ठीक ठाक घर से थे। लेकिन, उन्होंने अपनी छवि उन दिनों एक सड़कछाप हीरो की बना रखी थी। ब्रांडिंग उन्होंने अपनी कर रखी थी विरार के छोकरे के नाम से। एक तरफ विरार का छोकरा और दूसरी तरफ हिंदी सिनेमा के सबसे रईस कपूर खानदान की बेटी। दर्शकों को ये समीकरण जम गया और टिकट खिड़की पर पैसा बरसने लगा। जब तक लोगों को समझ आया कि मामला क्या है, तमाम प्रोड्यूसर वाशू भगनानी की तरह दोनों हाथों से दौलत बटोर चुके थे।
वाशू भगनानी की शुरू की फिल्में अगर देखेंगे तो हर फिल्म में म्यूजिक कमाल का रहा। वाशू खुद म्यूजिक इंडस्ट्री से बरसों से जुड़े रहे तो उनको गाने सुनते सुनते अच्छे बुरे की पहचान भी बढ़िया हो गई थी। वह गाना सुनकर ये बता सकते थे कि ये गाना चलेगा कि नहीं चलेगा। कुली नंबर वन का संगीत बनाने की जिम्मेदारी मिली आनंद मिलिंद को। कम लोगों को ही पता होगा कि आनंद मिलिंद को पहला बड़ा ब्रेक अपने करियर का गोविंदा की साइन की हुई पहली फिल्म तन बदन में ही मिला था। 1986 में रिलीज हुई तन बदन गोविंदा की सिनेमाघरों में रिलीज हुई तीसरी फिल्म रही। हालांकि आनंद मिलिंद की साइन की हुई पहली फिल्म थी अब आयेगा मजा, जिसमें फारुख शेख व अनीता राज लीड रोल में थे और फिल्म का निर्देशन किया था पंकज पाराशर ने। बाद में साल 1988 में फिल्म कयामत से कयामत तक में आनंद मिलिंद ने जो धमाका किया, उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मेलोडी वाला मस्त म्यूजिक बनाने वाले आनंद मिलिंद का गोविंदा की फिल्मों स्वर्ग और राजा बाबू का म्यूजिक सुपरहिट रहा था। वाशू भगनानी ने इसीलिए इसी जोड़ी को कुली नंबर वन में रिपीट कर दिया और फिल्म रिलीज होने से पहले ही फिल्म के गाने हिट हो गए। नई सिंगर चंदना दीक्षित और अभिजीत के गाए इस गाने ने तो उन दिनों हंगामा बरपा दिया था।
बाइस्कोप: मो. अजीज के गाने 'दुनिया में कितना..' ने सुपरहिट कराई फिल्म अमृत, इस हॉलीवुड मूवी की रीमेक