दिग्गज अभिनेत्री नीना गुप्ता की बेटी, फैशन डिजाइनर और उद्यमी मसाबा गुप्ता इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी के चलते चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने कुछ साक्षात्कार भी दिए और अपने जीवन के अलग-अलग पहलुओं को उजागर किया। उन्होंने रंगभेद को लेकर और गोरा बच्चा पैदा करने के लिए मिल रहे अनुचित सलाहों पर भी बात की। उसी साक्षात्कार में अभिनेत्री की बेटी ने कोविड-19 महामारी के दौरान आर्थिक रूप से संघर्ष करने के बारे में खुलकर बात की।
फेय डिसूजा के साथ बातचीत के दौरान, फैशन डिजाइनर मसाबा, जो कि जल्द ही अपने पहले बच्चे की मां बनने वाली हैं, ने कहा, ‘यह मेरे जीवन का सबसे बुरा समय था। मुझे नहीं लगता कि मेरे पास अपने रसोइए को देने के लिए 12,000 रुपये भी थे। यह इतना बुरा था। मार्च, 2020 में, लॉकडाउन हुआ और हमने सोचा कि यह ज्यादातर एक या दो दिन के लिए है फिर इसे 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया। उन 14 दिनों में, मेरी जिंदगी पूरी तरह से बदल गई। मुझे लगता है कि यह मार्च का अंत या अप्रैल की शुरुआत थी जब मेरे बिजनेस हेड ने कहा, 'अब पैसे नहीं हैं। सब खत्म हो गया है। कोई भी कुछ नहीं खरीद रहा है।’
मसाबा ने अपने बुरे अनुभवों को साझा करते हुए कहा, ‘मुझे याद है कि हर कॉल के बाद मैं रोती थी। मेरे बिजनेस हेड को पूरा भरोसा था, उन्हें यकीन था कि कुछ न कुछ काम जरूर होगा। लेकिन, हमने दो महीने में पांच स्टोर बंद कर दिए। कुछ फ्रैंचाइजी भी थे। मुझे लगता है कि मेरे बैंक खाते में लगभग 2 लाख रुपये थे। इसलिए हमने सोचा कि हम इसे बनाए रखेंगे, मास्क बनाते रहेंगे और अपना ध्यान केंद्रित रखेंगे और अपने घाटे को कम करेंगे।’