रूस की स्पेस एजेंसी रॉस्कॉसमॉस ने फिल्म बनाने के लिए देश के सबसे बड़े टीवी चैनल ‘चैनल वन’ के साथ हाथ मिलाया है। इसमें मुख्य भूमिका एक अभिनेत्री की होगी। रूसी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक, ऐसी अभिनेत्री की खोज की जा रही है जिसकी उम्र 25 साल से लेकर 45 साल के बीच हो। फिल्म का किरदार इसी उम्र के आस-पास होगा। 30 नाम शॉर्टलिस्ट किए जाएंगे जिनमें से एक मुख्य अभिनेत्री होंगी जबकि एक बॉडी डबल। जिस भी अभिनेत्री का चुनाव किया जाएगा उसे स्कूल ऑफ कॉस्मोनॉट्स में तीन महीने की कड़ी ट्रेनिंग लेनी होगी। साथ ही उसकी शिक्षा उच्च स्तर की होनी चाहिए। चुनी गई अभिनेत्री पर कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए। मुख्य अभिनेत्री के अलावा अभिनेता के चुनाव के लिए भी इसी नियम को माना जाएगा। फिल्म का नाम 'द चैलेंज' हो सकता है।
रूसी राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन के स्पेस चीफ और रॉस्कॉसमॉस के प्रमुख दमित्री रोगोजिन फिल्म के निर्माता होंगे। फिल्म के लिए 'चैनल वन' के साथ करार है। इसकी वजह से फिल्म की तैयारियों को लेकर 'चैनल वन' पर कई कार्यक्रम देखे जा सकेंगे जिससे देश में अंतरिक्ष गतिविधियों की लोकप्रियता और बढ़ेगी।
वहीं टॉम क्रूज की योजना है कि अक्तूबर 2021 में एलन मस्क के रॉकेट क्रू ड्रैगन स्पेसशिप से आईएसएस जाया जाए। टॉम क्रूज की इस फिल्म को डाग लिमान निर्देशित करेंगे। अंतरिक्ष और हॉलीवुड फिल्मों के प्रशंसकों को अब इन दोनों फिल्मों से जुड़ी और जानकारी सामने आने का इंतजार है।