मार्वल स्टूडियोज की नई पेशकश ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनस’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी चमक रविवार को थोड़ा और खोई। आमतौर पर शुक्रवार को रिलीज होने वाली फिल्में शुक्रवार से बेहतर कलेक्शन शनिवार को और शनिवार से बेहतर कलेक्शन रविवार को करती हैं। लेकिन फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनस’ का कलेक्शन शनिवार और रविवार को शुक्रवार के मुकाबले कम ही होता गया। हालांकि, इसके बावजूद फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनस’ ने भारत में रिलीज के पहले सप्ताहांत (वीकेंड) में शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से करीब 100 करोड़ रुपये की टिकटें बेचने में कामयाबी पा ली है। अपनी ओपनिंग की तरह पहले वीकेंड की कमाई में भी ये फिल्म देश में अब तक रिलीज हुई सारी हॉलीवुड फिल्मों में चौथे नंबर पर कायम है।