बॉलीवुड में जब भी कोई फिल्म बनाई जाती है तो पूरी टीम पर इसके प्रदर्शन को लेकर भारी दबाव रहता है, लेकिन अगर यह किसी सुपरहिट फिल्म का सीक्वल हो तो प्रेशर कई गुना ज्यादा बढ़ जाता है। कुछ ऐसा ही भूल भुलैया 2 के साथ भी है। यह फिल्म साल 2007 में आई अक्षय कुमार स्टारर फिल्म भूल भुलैया का सीक्वल है। अक्षय कुमार की यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी। अब 15 साल बाद जब इसका सीक्वल आ रहा है तो मेकर्स पर दोबारा वैसी ही अच्छी फिल्म बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है। इस फिल्म की स्टारकास्ट से लेकर राइटर-डायरेक्टर तक सब पूरी तरह से बदल चुके हैं। भूल भुलैया का स्क्रीनप्ले नीरज वोरा ने लिखा था। वहीं इसके सीक्वल की कहानी और स्क्रीनप्ले आकाश कौशिक ने लिखा है। आकाश अब तक कई हिंदी फिल्मों के लिए कहानी, संवाद और पटकथा लिख चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि अब तक उन्होंने जितनी भी फिल्में लिखी हैं उनका प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रहा है। आज हम आपको उन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें आकाश कौशिक ने लिखा है।